गागलहेड़ी (सहारनपुर)। ग्रामीण के पास ना खेत हैं और ना ही नलकूप काबिजली कनेक्शन। बावजूद इसके पावर कार्पोरेशन अधिकारियों ने उसे पौने आठ लाख रुपये के बकाया बिजली बिल का रिकवरी नोटिस भेज दिया है। इसके देख पीड़ित की तबीयत बिगड़ गई। उसने इसे वापस लेने की मांग अधिकारियों से की है।
निरंजन सिंह पुत्र लखीराम निवासी नन्हेंडा बेद बेगमपुर ने मुख्यमंत्री सहित विद्युत निगम के अधिकारियों को भेजे पत्र में बताया की उसके पास कृषि भूमि नहीं है। ना ही उसने अपने जीवनकाल में कभी नलकूप के लिए बिजली कनेक्शन लिया है। अब अचानक से उसके नाम पर नलकूप का बिजली कनेक्शन दर्शाते हुए 7,74,726 रुपये का रिकवरी का नोटिस भेज दिया है। धनराशि जल्द जमा नहीं करने पर कार्रवाई की बात कही गई है। रिकवरी नोटिस मिलने पर बुजुर्ग की तबियत बिगड़ गई। उसका अस्पताल में उपचार कराना पड़ा। निरंजन का कहना है कि उसने स्थानीय स्तर पर बिजली अधिकारी को अवगत कराया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई है। उसने रिकवरी नोटिस वापस लेने के साथ ही इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई और उसे हुई मानसिक पीड़ा का मुआवजा दिलाने की मांग की है। उधर एसडीओ कैलाशपुर सुरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया की मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अगर गलती से ऐसा हुआ है तो विभाग से जांच करा कर नोटिस को वापिस लेगा।