सहारनपुर। संभागीय परिवहन विभाग ने अभियान चलाकर स्कूली वाहनों की जांच-पड़ताल की। इस दौरान नौ वाहनों का चालान किया तथा छह वाहनों को जनपद के विभिन्न थानों में सीज कर खड़ा किया गया।
उप संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन आरपी मिश्रा ने बताया कि चेकिंग के दौरान जिन वाहनों का चालान और सीज किया गया है ये स्कूल वाहन बेहट, फतेहपुर, तथा सहारनपुर शहर के स्कूलों में चल रहे हैं। जिनका फिटनेस, परमिट आदि प्रपत्र वैध नहीं थे। इसके अलावा कुछ वाहनों में अग्नि शमन यंत्र, सीसीटीवी कैमरा, फर्स्ट एड बॉक्स आदि उपकरण नहीं लगे हुए थे। उन्होंने बताया कि कुछ ऐसे भी स्कूल वाहन पाए गए, जो स्कूल वाहन के रूप में पंजीकृत नहीं थे तथा स्कूल वाहन के मानक पूर्ण नहीं कर रहे थे, जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।