विवाहिता की हत्या के बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस लेकर पहुंचा परिवार।
- फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर। मोहल्ला नुमाइश कैंप निवासी जूता व्यापारी ने नशे में अपनी पत्नी को जमकर पीटा फिर गला दबाकर हत्या कर दी। पत्नी शराब पीने का विरोध कर रही थी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। बेहट में जूते की दुकान करने वाले नगर कोतवाली के नुमाइश कैंप निवासी राजकुमार कक्कड़ का शराब पीने को लेकर उसकी पत्नी शिखा (35 वर्ष) का अक्सर झगड़ा होता रहता था।
शिखा के मायके वालों का आरोप है कि राजकुमार नशे में शिखा के साथ मारपीट करता रहता था। परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार रात भी दोनों के बीच शराब पीने को लेकर झगड़ा हुआ। राजकुमार ने शिखा के साथ मारपीट की थी। मोहल्ले में ही रहने वाले शिखा के भतीजे शिवा चावला ने बताया कि सुबह शिखा के बेटे वासु और बेटी बेगी ने उन्हें आकर बताया कि उनकी मां उठ नहीं रही है। उन्होंने शिखा के घर जाकर देखा तो शिखा अपने कमरे में मृत हालत में पड़ी थीं। शरीर पर मारपीट किए जाने और गला दबाने के निशान थे, जबकि राजकुमार नशे में धुत पड़ा हुआ था।
शिवा ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस मामले में शिवा ने आरोपी राजकुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।