शहर से सटे गांव शेखपुरा कदीम में युवती की हत्या के मामले में पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। देहात कोतवाली पुलिस गांव शेखपुरा कदीम पहुंची वहां छानबीन की। इसके बाद शव को अस्पताल पहुंच कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बताया जा रहा है कि गोली भाई ने मारी है और इस मामले को आॅनर किलिंग से भी जोड़ कर देखा जा रहा है।
इस मामले में पुलिस भाई और बहन दोनों की काॅल डिटेल भी खंगाल रही है। बताया जा रहा है िक दोनों भाई-बहन घर में थे। बहन फोन चला रही थी और भाई भी घर में मौजूद था। उत्तेजित होकर भाई ने बहन को गोली मार दी। पुलिस के मुताबिक भाई ने बहन को दो गोलियां मारीं। गोली मारने के बाद भाई फरार हो गया।
गांव में चर्चा है कि भाई बहनों के बीच ऐसा कोई झगड़ा कभी नहीं था लेकिन अचानक जो हुआ उससे पूरा गांव हैरत में है। पता लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से जानकारी ली। फारेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटना स्थल से नमूने उठाए। इसके बाद फारेंसिक टीम जिला अस्पताल पहुंची। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक के सामने शव से भी कुछ नमूने लिए।
यह भी पढ़ें: दोस्त बने दुश्मन: बंटी हत्याकांड में बड़ा खुलासा, पहले शराब पिलाई फिर सिर कूचकर की हत्या, मोबाइल ने खोला राज
एसपी सिटी ने बताया कि मामला भाई द्वारा बहन को गोली मारने का है। पुलिस हर बिंदु पर जांच पड़ताल कर रही है। काल डिटेल भी देखी जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि भाई ने बहन को कितनी गोली मारी हैं। वहीं घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। वहीं हत्या के अगले दिन मृतका के घर पर ग्रामीणों की भीड़ लगी रही।
एसएसपी डाॅ. विपिन टाडा का कहना है कि मामले की हर बिंदु से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यही सामने आया है कि भाई ने बहन को गोली मारी है। इसके अलावा जो बातें सामने आईं हैं उनकी भी पड़ताल की जा रही है।
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि बहन की गोली मार कर हत्या करने वाले सगे भाई आदित्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।