नगर निगम ने तीन दुकानों पर लगाई सील, 15 लाख टैक्स वसूला
सहारनपुर। टैक्स नहीं चुकाने पर नगर निगम ने शारदा नगर में तीन दुकानों पर ताला डाल दिया। इसके अलावा चार जगहों पर शिविर लगाकर 15 लाख रुपये से अधिक का बकाया टैक्स की वसूली की।
शुक्रवार मुख्य कर निर्धारण अधिकारी रविश चौधरी और प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने गृह कर वसूली के लिए चकदेवली, चूना भट्टी, पैरामाउंट कॉलोनी, रेनबो स्कूल के पास शिविर लगाए। चारों शिविर में निगम द्वारा 15 लाख से अधिक की बकाया राशि की वसूली की, जो नकदी और चेक के रूप में रही। साथ ही चूना भट्टी शारदा नगर में लंबे समय से टैक्स नहीं चुकाने पर तीन दुकानों पर निगम ने अपना ताला डाल दिया। टीम में प्रवर्तन दल से प्यार सिंह, हेमराज, प्रदीप, प्रवीण, विक्रम, शिवकुमार, रणदीप, जगपाल, पवन व नवाबुद्दीन तथा गृहकर विभाग से कर अधीक्षक विनय शर्मा, राजस्व निरीक्षक लोकेश, विकास, नितिन, करसंग्रहकर्ता सागर, मनोज, विकास शर्मा, विक्रांत आदि शामिल रहे।
एसडीए ने निर्माण सील किया
सहारनपुर। सहारनपुर विकास प्राधिकरण की टीम ने दिल्ली रोड पर अवैध निर्माण को सील किया। अधिशासी अभियंता एके मिश्रा ने बताया कि दिल्ली रोड पर निजी अस्पताल के ठीक पीछे बेसमेंट बनाने की तैयारी चल रही है। शुक्रवार को उक्त निर्माण को रुकवाकर सील कर दिया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में अवर अभियंता सीएम अग्रवाल, मेट मोहित, चरण सिंह, विजय बिष्ट आदि शामिल रहे।