सहारनपुर। कोरोना की तीसरी लहर से निपटने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शुक्रवार को संयुक्त निदेशक चिकित्सा डॉ. अरविंद जिला महिला अस्पताल में बने पीआईसीयू का जायजा लेने पहुंचे। उनकी उपस्थिति मॉकड्रिल की गई। इसमें विशेषज्ञों के द्वारा डॉक्टरों और नर्सों की टीम को वेंटीलेटर आदि चलाकर दिखाए गए।
माना जा रहा है कि कोरोना की तीसरी लहर बच्चों को प्रभावित कर सकती है। बच्चों के बेहतर इलाज के लिए जिला महिला अस्पताल में 50 बेड का पीआईसीयू बनाया गया है। जिसमें दस वेंटीलेटर रखे गए हैं। साथ ही ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट से पाइपलाइन के द्वारा ऑक्सीजन की सप्लाई भी चालू कर दी गई है। चूंकि अक्तूबर माह तक तीसरी लहर आने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में तैयारी भी तेज कर दी गई है। शुक्रवार को लखनऊ से आए संयुक्त निदेशक चिकित्सा डॉ. अरविंद तथा पीआईसीयू के प्रभारी डॉ. प्रवीण कुमार की देखरेख में विशेषज्ञ डॉ. मानवेंद्र और डॉ. मलिक के द्वारा डॉक्टरों की टीम और नर्सों को वेंटीलेटर चलाकर दिखाए गए और चलाना सिखाया गया। इस दौरान डॉ. नवदीप गुप्ता सहित अनेक चिकित्सक मौजूद रहे।