गंगोह (सहारनपुर)। रविवार शाम से लापता युवती का शव सोमवार सुबह जंगल में एक पेड़ पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गंगोह के गांव सलारपुरा निवासी ऋषिपाल सिंह की पुत्री दीपा (25) रविवार की शाम किसी काम से घर से बाहर निकली थी। देर शाम तक भी जब वह घर वापस नहीं आई तो परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं लग सका। सोमवार सुबह दीपा का शव पास के गांव कम्हेड़ा के जंगल में पेड़ से लटका मिला। दीपा का शव पेड़ पर लटका होने की सूचना से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर परिजन भी रोते हुए मौके पर पहुंचे। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दीपा को मृत अवस्था में पेड़ से रस्सी खोलकर नीचे उतारा गया। पुलिस ने घटना स्थल की जांच पड़ताल के बाद शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम पर भेज दिया। सीओ रिजवान अहमद का कहना है मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।