लोदीपुर में मौके पर जांच करती पुलिस
- फोटो : SAHARANPUR
साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। कोतवाली बेहट क्षेत्र में आम के बाग में एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतार कर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सोमवार सुबह आठ बजे बेहट कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लोदीपुर के जंगल में बूढ़ी यमुना नदी के पास आम के बाग में फंदे पर एक युवक का शव लटका हुआ मिला। सूचना पर आसपास के गांव के लोग एकत्र हो गए और ग्रामीणों ने फोन पर पुलिस को भी सूचना दी। सूचना मिलते ही बेहट कोतवाली प्रभारी किरणपाल सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और शव को पेड़ से उतरवाया। मौजूद ग्रामीणों ने मृतक युवक रियाजुल (22) पुत्र कुर्बान निवासी सलेमपुर गदा कोतवाली बेहट बताया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी का कहना है कि अभी मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर ही लगेगा। बताया कि अभी तक मृतक युवक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।