संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। राष्ट्रीय और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिले में एक नवंबर 2026 को मेगा शिविर लगेगा। तैयारियों के संबंध में दीवानी कचहरी परिसर में जनपद न्यायाधीश मनोज कुमार राय की अध्यक्षता में बैठक हुई।
जनपद न्यायाधीश ने बताया कि शिविर का उद्देश्य गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाना है। उन्होंने मेगा शिविर से पहले सभी तहसीलों और ग्रामीण इलाकों में छोटे शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। इन शिविरों से शादी अनुदान, दिव्यांग कल्याण, महिला एवं बाल विकास जैसी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चिह्नित किया जाएगा। आयुष्मान भारत और अन्य विभागीय योजनाओं के लिए भी सूची और आवेदन तैयार होंगे।
एक नवंबर 2026 को मेगा शिविर में न्यायपालिका और जिला प्रशासन के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। मेगा शिविर में सभी विभाग अपने स्टॉल लगाएंगे। पूर्ण कालिक सचिव आशुतोष तिवारी ने आमजन से शिविर में भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। बैठक में अपर जिला जज मोहम्मद अहमद खान, अपर जिला जज विकास गुप्ता, अपर जिला जज सुबोध भारती, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पप्पू कुमार सिंह आदि रहे।