जनमंच सभागार में कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को लैपटाॅप बांटते कैबिनेट मंत्री साहब सिंह सैनी आैर अन्य।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
राज्य सरकार की ओर से शुक्रवार को जनपद के 492 मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए गए। वितरण कैबिनेट मंत्री साहब सिंह सैनी के हाथों कराया गया। साथ ही मिड-डे मील योजना के तहत अनेक स्कूलों को बर्तन भी वितरित किए गए।
जनमंच प्रेेक्षागृह में आयोजित लैपटॉप वितरण समारोह में मुख्य अतिथि रहे साहब सिंह सैनी ने सरकार की योजनाएं गिनाते हुए अखिलेश यादव की तारीफों के पुल बांधे। कहा कि देश में किसी भी राज्य के मुख्यमंत्री ने आज तक लैपटॉप, ई-रिक्शा या साइकिल वितरण योजनाएं नहीं चलाई हैं।
इस दौरान सामने बैठे युवा विद्यार्थियों से आगामी विधान सभा चुनाव में अखिलेश यादव का ख्याल रखने और हाथ मजबूत करने की अपील की। पूर्व जिलाध्यक्ष राज सिंह माजरा ने बच्चों को उच्च शिक्षित होकर राज्य और देश के विकास में हाथ बटाने की अपील की।
इससे पहले कमिश्नर एमपी अग्रवाल ने सरकार की योजनाओं को सराहा। साथ ही बच्चों को लैपटॉप का इस्तेमाल शिक्षा के लिए करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। डीएम शफकत कमाल ने भी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर देश की प्रगति में सहयोग बनने की अपील की।
इसके बाद लैपटॉप वितरण का कार्यक्रम शुरू हुआ। कुल 492 लैपटॉप बांटे गए। साथ ही प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को मिड-डे मील खाने के लिए बर्तन वितरित किए गए। इस अवसर पर नगरायुक्त ओपी वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट हरिशंकर, शगुफ्ता खान, डीआईओएस आरके तिवारी, बीएसए बुद्ध प्रिय सिंह आदि मौजूद रहे।