पारा चढ़ने के साथ गर्मी पसीने छुड़ा रही है। सहारनपुर जनपद में सोमवार का दिन इस सीजन का अभी तक का सबसे गर्म दिन रहा, जिसमें अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले दो दिन में तापमान के और बढ़ने का अनुमान है।
जनपद में कई दिन से धूप और लू का प्रकोप बना हुआ है। दोपहर के समय चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों को परेशान कर रखा है। तापमान भी लगातार 38 से 39 के बीच बना हुआ था, लेकिन सोमवार को अधिकतम तापमान इस बार के अधिकतम स्तर पर 40.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दोपहर में सड़कों पर निकलना तक मुश्किल रहा।
गर्मी के साथ लू ने लोगों को परेशान किया। दोपहर में लोग जरूरी काम के लिए ही मुंह पर कपड़ा लपेटकर निकले। गर्मी के कारण दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा छाया रहा, जबकि शाम के समय बाजार गुलजार हो गए। अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान भी बढ़ रहा है, जो सोमवार को 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी की वजह से लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विभाग द्वारा अगले दो दिन में तापमान के और बढ़ने का अनुमान जताया गया है।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: किसानों ने सड़क पर लगाया जाम, प्रदर्शन, मुजफ्फरनगर में पकड़ा गया फर्जी दरोगा