उत्तराखंड की कांग्रेस सरकार में राज्यमंत्री रहे मौलाना मसूद मदनी बहुजन मुक्ति पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्हें संगठन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। मौलाना मसूद जमीयत उलमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी के छोटे भाई हैं। बीएमपी में शामिल होने के साथ ही मौलाना मसूद ने देश और प्रदेश के हालात को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उदयपुर में हुई घटना के लिए सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार ठहराया और इसकी उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग की।
देवबंद में गुरुवार को तलहेड़ी चुंगी स्थित आवास पर हुई बैठक में बीएमपी के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी मेहरबान अली ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता में नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मौलाना मसूद मदनी ने कहा कि देश में नफरत फैलाई जा रही है। जिसको खत्म करने की जिम्मेदारी सरकार की थी, लेकिन सरकार इसमें पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। इसलिए देश में बिगड़ते हुए माहौल को ठीक करने के लिए बीएमपी अभियान चलाएगी।
मौलाना मदनी ने पैगंबर मोहम्मद साहब पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाली भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नुपुर शर्मा की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए देश के माहौल और उदयपुर की वारदात के लिए सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि दोषी की फोटो विपक्ष के नेता के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। जिससे साफ है कि इन सब में भाजपा का ही षड्यंत्र है।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: पांच करोड़ की कोठी जब्त, पहले अरबों रुपये की संपत्ति हो चुकी कुर्क, जानें आखिर कौन है यशपाल तोमर
उन्होंने कहा कि शुरू से ही भाजपा नुपुर शर्मा पर ढुलमुल रवैया रख रही है। जिसकी वजह नुपुर शर्मा की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि देश में जो नफरत का बाजार गर्म किया जा रहा है उससे देश कमजोर हो रहा है। राष्ट्रीय महासचिव चौधरी मेहरबान अली ने कहा कि हम लोग देश के संविधान को बचाने के और देश के भाईचारे को मजबूत करने के लिए काम कर रहे है। इसमें प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डीपी सिंह, जिलाध्यक्ष मोहकम सिंह, रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष राजकुमार, नफासत खान, नीरज धीमान, राजेंद्र और डॉ. यूनुस आदि मौजूद रहे।