शाकुंभरी विहार में अतिक्रमण हटवाते निगम अधिकारी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। नगर निगम की टीम ने बुधवार को बेहट रोड स्थित शाकंभरी विहार और हरदेव नगर में नगर निगम की भूमि को कब्जा मुक्त कराया। इसके अलावा मल्हीपुर रोड स्थित पिंजौरा में अतिक्रमण हटवाया गया। दोनों जगहों से करीब एक करोड़ रुपये की भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया।
शाकंभरी विहार कॉलोनी में खसरा नंबर 463 यानी नगर निगम की करीब 400 वर्ग गज भूमि पर अज्ञात लोगों ने कब्जा किया हुआ था। इसका पता तब चला, जब मंगलवार को महापौर संजीव वालिया और नगर आयुक्त गजल भारद्वाज वहां पौधरोपण करने पहुंचे थे। महापौर और नगरायुक्त ने उक्त कब्जे को हटाने के निर्देश दिए थे।
बुधवार को प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी के नेतृत्व में निगम के राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से उक्त चहारदीवारी को ध्वस्त कराया और भूमि पर कब्जा लिया। इसके अलावा पिंजौरा में भी अतिक्रमण प्रभारी विनय शर्मा के नेतृत्व में खसरा नंबर 235 रामनगर पुलिस चौकी क्षेत्र में करीब तीन सौ वर्ग मीटर भूमि पर बनाए गए मकान को जेसीबी से ध्वस्त कर कब्जा मुक्त कराया गया। इस कब्जे की शिकायत जन सुनवाई शिविर में आई थी। जिस पर अपर नगरायुक्त राजेश यादव ने संपत्ति विभाग से जांच कराई थी। जांच में स्पष्ट हुआ था कि उक्त संपत्ति नगर निगम की है। दोनों जगह की संपत्तियों की कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। कार्रवाई करने वाली टीम में आरआई सुशील कुमार, अक्षय, कानूनगो सोमपाल सैनी, लेखपाल शिवकुमार सैनी, महेंद्र शर्मा तथा प्रवर्तन दल के नरेश चंद, प्यार सिंह, रणदीप, शिवकुमार, जगपाल, हेमराज, नबाबुद्दीन, प्रदीप, विक्रम, पवन और रामनगर पुलिस चौकी के अरुण कुमार व हरिओम आदि शामिल रहे।