दिल्ली रोड पर कैमिकल फैक्ट्री में लगी आग बुझाता फायर कर्मी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। महानगर में दिल्ली रोड पर एक केमिकल फैक्टरी में आग से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। इस दौरान कर्मचारियों और आसपास मौजूद दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा। सीएफओ दमकल की चार गाड़ियां लेकर मौके पर पहुंचे और दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं लग सका है। दमकल विभाग इसकी जांच कर रहा है।
दिल्ली रोड पर रजत अग्रवाल की जी-5 इंडो पेंट्स एंड केमिकल्स फैक्टरी है। जहां पेंट तैयार किया जाता है। यहां कुछ दिन पहले ही नया कच्चा माल आया था। मंगलवार की दोपहर कुछ कर्मचारी और मजदूर फैक्टरी परिसर में काम कर रहे थे। अचानक ही जहां कच्चा माल पड़ा हुआ था, वहां आग लग गई। इससे फैक्टरी के कर्मचारियों और मजदूरों में हड़कंप मच गया। आग तेजी से फैली, जिससे फैक्टरी के आसपास मौजूद दुकानदारों के बीच भी दहशत व्याप्त हो गई। सभी लोग फैक्टरी से दूर निकल भागे। सूचना मिलते पर सीएफओ तेजपाल दमकल की चार गाड़ियां लेकर मौके पर पहुंचे और दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। फैक्टरी मालिक ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी कुछ पता नहीं चल सका है क्योंकि फैक्टरी में आग बुझाने के सभी उपकरण मौजूद थे, इसलिए जल्दी आग पर काबू पा लिया गया है। नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। वैसे कई लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।