बेहट(सहारनपुर)। क्षेत्र के गांव जैतपुर कलां में मंगलवार को महिलाओं ने आबादी के पास खुले शराब के ठेके पर पहुंचकर तोड़फोड़ की और शराब की बोतलें सड़क पर फेंक दी। सूचना मिलने पर कोतवाली बेहट और यूपी डायल -112 पुलिस के अलावा आबकारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे। महिलाओं को ठेका दूसरे स्थान पर शिफ्ट करने का आश्वासन दिया है।
जैतपुर कलां में 17 अगस्त को देशी शराब का ठेका खुला। इसका गांव की महिलाएं विरोध कर रही थी। मंगलवार को महिलाएं इकट्ठा होकर ठेके पर पहुंच गई और तोड़फोड़ कर शराब की बोतलें व पव्वे सड़क पर फेंक दिए। महिलाओं ने कहा ठेका गांव आबादी के पास है और उसके नजदीक दो स्कूल हैं। ठेके पर शराबियों का जमावड़ा रहेगा और उनकी बेटियों का स्कूल आना जाना भी मुश्किल होगा। यदि किसी बेटी के साथ कोई घटना हो गई, तो उसका जिम्मेदार कौन होगा। उनकी शिकायत पर अधिकारियों ने भी सुनवाई नहीं की। मजबूरी में उन्हें यह सब करना पड़ा। उन्होंने कहा किसी भी कीमत पर यहां शराब का ठेका नहीं चलने देंगी। शराब ठेके को गांव से बाहर दूसरे स्थान पर शिफ्ट करें। आबकारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने े कहा महिलाओं ने शराब की दुकान का विरोध किया। इसकी रिपोर्ट अधिकारियों को दे दी। समस्या का समाधान होगा।