बिजनौर। गाजियाबाद प्रकरण को लेकर वकीलों की हड़ताल सोमवार को भी जारी रही। जिला बार ने गाजियाबाद की वकीलों की मांग पूरी हो जाने तक उनके समर्थन में न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया है।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष यशपाल सिंह की अध्यक्षता एवं महासचिव विशाल अग्रवाल के संचालन में बैठक संपन्न हुई। इसमें कहा गया कि गाजियाबाद के वकीलों पर जो अत्याचार कराया गया है, वह निंदनीय है। वकीलों की दो मांग हैं। जिला जज गाजियाबाद अनिल कुमार को तुरंत हटाया जाए और उन्हें निलंबित किया जाए। लाठीचार्ज के लिए दोषी पुलिस कर्मियों पर मुकदमा दर्ज किया जाए।
आमसभा में बहुमत से पास किया गया कि जब तक गाजियाबाद के वकीलों की हड़ताल जारी रहेगी, तब तक जिला बार के अध्यक्ष भी उनकी मांगों के समर्थन में न्यायिक कार्य विरत रहेंगे। सोमवार को भी वकीलों ने धरना दिया। धरने में जिला बार के पूर्व अध्यक्ष एसके बबली, राजेंद्र कुमार, पूर्व महासचिव नवदीप सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता अब्दुल गफ्फार, इंद्रवीर सिंह, राकेश कुमार सिंह, हुकम सिंह, महफूज चौधरी, श्याम स्वरूप शर्मा, ममतेश चौहान, अंबिका राणा आदि मौजूद रहे।