नकुड़। अवैध खनन से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलकर महिला की हत्या करने का मुख्य आरोपी काला पहले से ही गुस्से में था। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि दिन में भी उसके ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया था। रात को दोबारा जब उसकी ट्राली रोकी तो वह आपा खो बैठा और उसने सुरेंद्र कौर पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया था।
बता दें, कि शुक्रवार रात टाबर गांव निवासी जगदीप घर के पास ही सड़क पर पाइप डालकर खेतों में पानी दे रहा था। तभी वहां पर यमुनानगर के प्रभारी गांव निवासी काला पुत्र मामूद्दीन अवैध खनन से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचा। पाइप पर ट्रैक्टर-ट्रॉली उतारने से मना करने पर उनकी मारपीट हो गई थी। शोर सुनकर जगदीप की मां सुरेंद्र कौर और चाचा सुखविंद्र भी आ गए थे। तभी काला ने दोनों के ऊपर ट्रैक्टर-ट्रॉली चढ़ा दिया था, जिसमें सुरेंद्र कौर की मौत हो गई थी। ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे बुलेरो में उसके तीन भाई भी थे, जिन्होंने सुरेंद्र कौर और सुखविंद्र को ट्रैक्टर के आगे फेंका था।
पुलिस ने रविवार को मुख्य आरोपी काला को पकड़ लिया था, जिसने पूछताछ में बताया कि शुक्रवार दिन में भी उसके ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया था, जिस कारण वह काफी गुस्से में था। उधर, सीओ नकुड़ एसएन वैभव पांडेय ने बताया कि फरार तीनों आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।