बिहारीगढ़। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रणता ऐश्वर्या ने शुक्रवार को कस्बे में पहुंच पैदल कस्बे में भ्रमण कर अतिक्रमण हटवाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दुकानों के बाहर सामान दिखाई दिया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनके साथ रहे खाद्य निरीक्षक ने चाय की दुकानों से नमूने भी लिए।
शुक्रवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट बेहट प्रणता ऐश्वर्या बिहारीगढ़ पहुंची। जहां वे थाना पुलिस को साथ लेकर कस्बे के भ्रमण पर निकली। दुकानों के बाहर सर्विस रोड पर अतिक्रमण कर रखे गए सामान को देख उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए दुकानदारों को अतिक्रमण न करने की हिदायत दी। उन्होंने थाना पुलिस को सर्विस रोड पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान खाद्य निरीक्षक संदीप सिंह ने कई दुकानों के नमूने भी लिए। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के आने की सूचना पर ज्यादातर मेडिकल स्टोर बंद हो गए। चाय की दुकानों से नमूने लेने के बाद अधिकांश दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर इधर उधर हो गए। इस दौरान तहसील दार प्रकाश सिंह, हलका लेखपाल मुकेश चौहान आदि रहे।