-- पुलिस ने कइयों को हिरासत में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। भाजपा नेत्री नूपुर शर्मा द्वारा पैगंबर मोहम्मद साहब पर टिप्पणी के विरोध में शहर से सटे गांव शेखपुरा में आधी रात के समय कुछ लोगों ने नूपुर शर्मा को गिरफ्तार करो के पोस्टर लगा दिए। इसको लेकर गांव में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और कइयों को हिरासत में लिया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव शेखपुरा में बृहस्पतिवार की रात गांव की गलियों में कुछ युवकों ने नूपुर शर्मा को गिरफ्तार करो के पोस्टर लगा दिए। इसका पता लगने पर गांव में तनाव की स्थिति बन गई। इसको लेकर लोग भी एकत्र हो गए। पता लगने पर देहात कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पोस्टर हटवाकर मामला शांत कराया। इसके साथ ही माहौल खराब करने के शक में चिह्नित किए गए कई युवकों को हिरासत में लिया गया, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि कुछ लोगों ने माहौल खराब करने की कोशिश की थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएर्गी।
-------------
असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग
सहारनपुर। विहिप के महानगर मंत्री अनुज शर्मा ने बयान जारी कर कहा कि जिले में असामाजिक तत्व लगातार माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। बृहस्पतिवार की रात गांव शेखपुरा में नुपुर शर्मा को गिरफ्तार के पोस्टर लगाकर माहौल खराब करने का प्रयास किया गया। इस मामले में विहिप और बजरंगदल के पदाधिकारियों की ओर से देहात कोतवाली में तहरीर दी गई। इसके अलावा शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद असामाजिक तत्वों ने घंटाघर पर एकत्र होकर महौल खराब करने की कोशिश। उन्होंने असामाजिक तत्वों को चिह्नि कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।