नानौता। नानौता देहात ग्राम प्रधान नीरज सिंह के अनुभव गार्डन कॉलोनी स्थित आलीशान आवास पर प्रशासन ने जेसीबी चला दी। यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश के बाद की गई। यह मकान सरकारी स्कूल की एक हजार वर्ग मीटर भूमि पर अवैध रूप से बनाया गया था।
नानौता देहात ग्राम प्रधान नीरज सिंह का दिल्ली रोड स्थित अनुभव गार्डन कालोनी में मकान बना हुआ है। शनिवार सुबह एसडीएम रामपुर मनिहारान डॉ. पूर्वा शर्मा, सीओ गंगोह शशि प्रकाश शर्मा टीम के साथ दो जेसीबी मशीनों को लेकर ग्राम प्रधान के मकान पर पहुंचे। मौके पर अधिकारियों ने पहले भूमि की पैमाइश कराई।
इसके बाद जेसीबी से मकान को गिराना शुरू कर दिया। देर शाम तक ध्वस्तिकरण की कार्रवाई जारी थी। बताया जाता है कि करीब आठ साल पहले बने मकान पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए थे।
उधर, एसडीएम डॉ. पूर्वा शर्मा ने बताया कि सरकारी स्कूल की एक हजार मीटर भूमि पर अवैध निर्माण किया गया है। इसे लेकर हाईकोर्ट ने आठ अगस्त को आदेश पारित करते हुए 18 अगस्त तक निर्माण को ध्वस्त करने के आदेश जारी किए गए थे। वहीं, ग्राम प्रधान ने कोर्ट के आदेश के बाद दो दिन पहले ही मकान खाली करके चाबी प्रशासन को सौंप दी थी।
हाईकोर्ट तक पहुंंचे प्रधान, नहीं मिली राहत
7 मई 2025 को तहसीलदार रामपुर मनिहारान जितेंद्र कुमार ने ग्राम प्रधान पर 38 लाख 25 हजार का जुर्माना लगाते हुए बेदखली के आदेश दिए गए थे। इसके खिलाफ प्रधान ने तहसीलदार कोर्ट के आदेश को जिलाधिकारी कोर्ट में चुनौती दी थी। सुनवाई के बाद जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान को किसी भी प्रकार की राहत नहीं देते हुए आदेश को यथावत रखा। फिर ग्राम प्रधान नीरज सिंह ने हाईकोर्ट में अपना पक्ष रखा, लेकिन 8 अगस्त 2025 को हाईकोर्ट ने उक्त जमीन को नानौता देहात के स्कूल की बताते हुए मकान गिराने के आदेश दिए थे।