सहारनपुर। अंबाला रोड पर सिंचाई विभाग के नलकूप खंड तृतीय कार्यालय में अवर अभियंता और स्टोर कीपर के बीच मामूली बात पर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले। विवाद कार्यालय से हाईवे तक पहुंच गया। पता लगते पर थाना कुतुबशेर पुलिस पहुंची।
सिंचाई विभाग के अवर अभियंता अमर त्यागी, पुनीत टिंकल, मोनू सिंह और स्टोर कीपर हेम सिंह खेवड़िया में पिछले कुछ दिनों से ठनी हुई है। आरोप है कि सोमवार को दोनों पक्षों के बीच विभागीय योजनाओं में रुपये निकालने को लेकर विवाद हो गया। अवर अभियंताओं ने आरोप लगाया कि बिना जानकारी दिए रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने बंदरबांट का आरोप लगाया। इसी बात को लेकर कार्यालय में दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते जेई व स्टोर कीपर भिड़ गए। कुछ देर बाद बाहरी लोग भी आ गए। दोनों तरफ से जमकर लात-घुसे चले। यह देखकर लोगों की भीड़ लग गई।
दुकानदारों का कहना है कि करीब 15 से 20 मिनट तक हाईवे पर दोनों के बीच मारपीट होती रही। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को समझाया। इसके बाद पुलिस भी पहुंची और जानकारी ली। हालांकि अभी किसी तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। उधर, अधिशासी अभियंता आशीष रमन का कहना है कि स्टोर कीपर के बच्चे की तबीयत ठीक नहीं थी। जब वह कार्यालय पहुंचे तो एक जेई ने उन्हें कुछ ऐसा कह दिया, जिससे उन्हें लग गई। इसी पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई।