सहारनपुर। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए जनपद से चार शिक्षकों ने आवेदन किया था, जिनमें से दो शिक्षकों का शासन स्तर से ऑनलाइन साक्षात्कार लिया गया है, जबकि एक अध्यापक का आवेदन निरस्त हो चुका है और दूसरे का साक्षात्कार अभी होना है।
पुरस्कार के लिए जनपद से राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य शोभा चौधरी, बनारसी दास इंटर कॉलेज के शिक्षक अंब्रीश कुमार, प्राथमिक विद्यालय मनोहरपुर सरसावा की शिक्षिका आसिया और उच्च प्राथमिक विद्यालय चकदेवली की शिक्षिका अनीता पुंडीर ने आवेदन किया था। विभागीय सूत्रों ने बताया कि शोभा चौधरी का आवेदन जिला स्तर पर ही निरस्त हो गया था। शेष तीन शिक्षकों के ऑनलाइन साक्षात्कार शासन के द्वारा लिए जा रहे हैं, जिनमें से आसिया और अनीता पुंडीर का पांच-पांच मिनट का साक्षात्कार हो चुका है। अंब्रीश कुमार का साक्षात्कार होना बाकी है। पांच मिनट के साक्षात्कार में शिक्षकों से बच्चों के नामांकन कैसे कराए, बालिकाओं के नामांकन पर कैसे जोर दिया, विद्यालय की स्थिति कैसी है आदि पूछा गया है।