सहारनपुर। कोरोना संक्रमण अब शांत है। बीते 33 दिन से कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। जांच केंद्रों पर कोविड जांच कराने वाले भी कम हो गए हैं। अब सिर्फ जरूरत के लिए लोग कोविड जांच कराने पहुंच रहे हैं। हालांकि अभी कोविड गाइडलाइन का कड़ाई से पालन करना जरूरी है, तभी कोरोना को पूरी तरह हराया जा सकेगा।
जनपद में प्रतिदिन चार हजार 500 लोगों की कोविड जांच कराने का लक्ष्य तय है। इनमें दो हजार 500 जांच आरटीपीसीआर से और शेष दो हजार जांच एंटीजन किट से होती थीं। आरटीपीसीआर की जांच राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी तथा आरटीपीसीआर की जांच जिला अस्पताल, आईएमए, रेडक्रॉस सोसायटी भवन आदि में की जाती रही हैं।
अमर उजाला टीम को रविवार को एसबीडी जिला अस्पताल में संचालित केंद्र पर तैनात कर्मचारियों ने बताया कि 100 से 150 लोग ही अब जांच कराने पहुंच रहे हैं। इनमें भी 90 फीसदी लोगों में लक्षण या समस्या नहीं हैं। ये वे लोग हैं, जिन्हें अन्य राज्यों या विदेश जाना है और उनसे जांच रिपोर्ट मांगी जा रही है। ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिन्हें परिजनों से जेल आदि में मुलाकात के लिए जाना है। आईएमए भवन में संचालित जांच केंद्र पर दोपहर दो बजे सन्नाटा पसरा रहा।
कोविड अस्पताल ढाई माह से खाली
जनपद में सीएचसी फतेहपुर, राजकीय मेडिकल कॉलेज, ग्लोकल मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल व टीबी सेनेटोरियम में कोविड अस्पताल बनाए गए थे। कोरोना संक्रमण शांत होने के बाद बीते करीब ढाई माह से कोविड अस्पताल खाली हैं।
बीते वर्ष सितंबर ने ढहाया था सितम
कोरोना संक्रमण का 2020 में अगस्त और सितंबर मेें प्रकोप था। सितंबर में तीन हजार 195 और अगस्त में दो हजार 689 संक्रमित मिले थे। गनीमत है कि इस बार इन दोनों ही महीने में कोरोना वायरस कमजोर हुआ और संक्रमण नहीं फैला है।
2021 में माहवार मिले कोरोना के मरीज
माह------------ मिले संक्रमित
मार्च --------------- 587
अप्रैल -------------- 6800
मई ----------------- 1530
जून ----------------- 390
जुलाई --------------- 40
अगस्त -------------- 04
सितंबर -------------- 01
अक्तूबर (अभी तक) -- 00
वर्ष 2020 की स्थिति
अप्रैल-----172
मई--------72
जून-------146
जुलाई---- 593
अगस्त---2689
सितंबर---3195
अक्तूबर----801
अभी लापरवाही ठीक नहीं : सीएमओ
सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक ने बताया कि शासन और प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों तथा लोगों की समझ की वजह से कोरोना के मामले न के बराबर सामने आ रहे हैं। एक माह से अधिक समय से कोरोना का कोई नया मामला नहीं आया है। हालांकि खतरा अभी बना हुआ है। ऐसे में लोगों केे चाहिए कि लापरवाही न बरतें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। घर से निकलते ही मास्क का प्रयोग करें। हाथों को बार-बार सैनिटाइज करें या साबुन सेे धोएं। सबसे खास बात है 18 वर्ष से अधिक आयु के लोग टीका जरूर लगवाएं।