सहारनपुर। चिलकाना क्षेत्र के गांव गुमटी के किसान नाथीराम की हत्या उसके भांजे ने जमीन के लालच में कराई थी। इसके लिए अपनी बुआ के पोते को चार लाख रुपये की सुपारी देकर गोली मारकर हत्या करवाई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा फरार चल रहा है, जिसको पकड़ने को पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि 19 जुलाई को थाना चिलकाना क्षेत्र के गांव गुमटी निवासी नाथीराम (63) का गोली लगा शव गांव में खेत के पास पड़ा मिला था। घटना के खुलासे के लिए थाना चिलकाना, सर्विलांस टीम और क्राइम ब्रांच को लगाया गया था। नाथीराम के भांजे सुशील कुमार निवासी गांव नयागांव कोतवाली नकुड़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तब सुशील ने पुलिस को बताया कि उसके मामा के कोई औलाद नहीं है और मामी भी उन्हें छोड़कर चली गई थी। मामा के पास करीब 20 बीघा जमीन थी। एसपी सिटी ने बताया कि इस जमीन पर सुशील खेती करता था। कई माह पूर्व नाथीराम ने सुशील को खेती करने से मना कर दिया और उसकी जगह गांव के ही दो लोगों को खेती करने की जिम्मेदारी दी। इसको लेकर सुशील अपने मामा से रंजिश रखने लगा। उसने अपने बुआ के पोते अंकित निवासी गांव मुकुंदपुर कोतवाली देवबंद को चार लाख रुपये की सुपारी देकर नाथीराम की हत्या करने की बात की। इसके लिए डेढ़ लाख रुपये एडवांस दिए गए। इसके बाद अंकित ने नाथीराम की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी, जब वह सुबह साइकिल पर टहलने गया था। पुलिस ने सुशील को पकड़ लिया है, जबकि अंकित फरार चल रहा है। एसएसपी ने वारदात का खुलासा करने वाली टीम को 15 हजार रुपये का ईनाम देने की घोषणा की है।
ऐसे हुआ वारदात का खुलासा
एसपी सिटी ने बताया कि अंकित ने नाथीराम की हत्या करने के बाद सुशील को फोन कर जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने काल डिटेल के खंगाली तो अंकित व सुशील का कनेक्शन मिला। इसी आधार पर सुशील को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसने हत्या करवाना स्वीकार किया।
शूटर है अंकित
एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि अंकित आपराधिक प्रवृत्ति का होने के साथ शूटर है। अंकित पहले भी कई अपराधों में संलिप्त रहा है। पुलिस आरोपी को जल्द पकड़ लेगी।