कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक इमरान मसूद ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की है। जिससे उनका सपा में आना तय माना जा रहा है। हालांकि, अभी इमरान कोई भी बयान देने से बच रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि वह दस जनवरी को समर्थकों के साथ बैठक कर जल्द निर्णय लेंगे। उधर, इमरान मसूद की सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मिलने के बाद दोनों पार्टियों के नेताओं में हलचल तेज है।
इस बार चुनावी समर में कांग्रेस के कद्दावार नेता इमरान मसूद के सपा में शामिल होने की चर्चा सियासी हलके में काफी समय से है। इमरान ने बुधवार को लखनऊ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मिलकर इस चर्चा को बल दिया। सूत्रों के अनुसार इमरान ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर सीटों को लेकर भी विस्तार से वार्ता की। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि जिले की सीटों को लेकर कोई ठोस निर्णय दोनों में नहीं हो सका है।
इमरान मसूद इससे पहले बसपा नेताओं से भी मिले थे
माना जा रहा है कि इमरान का सपा में आना तय है। इसके लिए उन्होंने समर्थकों की बैठक दस जनवरी को बुलाई है। उधर, यह भी बताया कि इमरान सपा प्रमुख से मिलने से पहले बसपा नेताओं के भी मिले थे। उन्होंने लखनऊ में दो जनवरी को बसपा नेताओं से मुलाकात की थी, मगर सकारात्मक बात नहीं बनी। इसके बाद उन्होंने अखिलेश यादव से मुलाकात की है। इस संबंध में वार्ता करने पर इमरान मसूद ने कहा कि मैं अभी बाहर हूं, नौ जनवरी को जिले में आऊंगा। अखिलेश यादव से मुलाकात होने के बारे में उन्होंने कहा कि अभी इस संबंध में कुछ नहीं कहूंगा।