जीपीओ रोड़ स्थित एक सभागार में पत्रकारो से वार्ता करती कांग्रेस की नेता उमा भूषण
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव इमरान मसूद के बयान को लेकर पार्टी में विरोध तेज होने लगा है। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य उमा भूषण ने प्रेसवार्ता कर कहा कि इमरान मसूद भाजपा को फायदा पहुंचाकर कांग्रेस को कमजोर करना चाहते हैं, इसी कारण ऐसे बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके बयान को गंभीरता से लेते हुए पार्टी से निष्कासित करना चाहिए।
जीपीओ रोड स्थित सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान उमा भूषण ने कहा कि इमरान मसूद ने जो बयान दिया कि सपा ही भाजपा से मुकाबला कर सकती है, यह कांग्रेस के एकदम खिलाफ है और कांग्रेस को कमजोर दिखाने की कोशिश है। उमा भूषण ने कहा कि कांग्रेस पूरे दमखम के साथ विधानसभा चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस अन्य किसी राजनीतिक दल से कम नहीं है। पार्टी हाईकमान ने इमरान मसूद को हमेशा तव्वजो दी है। इसके बाद भी वह सपा के पक्ष में बयान देकर पार्टी को कमजोर करने पर लगे हैं। पूर्व में भी वह बोटी-बोटी करने के बयान से पूरे देश में भाजपा को फायदा पहुंचा चुके हैं। उन्होंने कहा मुस्लिम समाज का हिमायती होने का दावा करने वाले इमरान मसूद तीन तलाक कानून व नागरिकता संशोधन कानून लागू होने पर चुप बैठे रहे। उन्होंनेे कहा कि इमरान मसूद में थोड़ी भी वफादारी और नैतिकता बाकी है तो वह पहले कांग्रेस से इस्तीफा दें। इसके बाद दूसरी पार्टी को समर्थन करें। इस दौरान इंतखाब आजाद आदि मौजूद रहे।