आपराधिक प्रवृत्ति के बच्चों के जीवन में होगा सुधार
सहारनपुर। आपराधिक प्रवृत्ति के बच्चों के जीवन में सुधार लाया जाएगा। ऐसे बच्चों को पुलिस हथकड़ी भी नहीं लगाएगी। इसके साथ ही उनकी काउंसिलिंग भी होगी। इसके तहत शासन के निर्देशानुसार महिला और साइबर थाने की तरह ही जिले में अब बाल मित्र थाना स्थापित करने की कवायद शुरू हो गई है। इस थाने में पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में तैनात होंगे। आपराधिक प्रवृत्ति वाले बच्चों से नम्रतापूर्वक ही व्यवहार किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग (यूपीएससीपीसीआर) ने बाल मित्र थाने खोलने के निर्देश जारी किए थे। जिले में भी कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जब नाबालिगों ने आपराधिक की घटना को अंजाम दिया। इसके साथ ही बच्चों के साथ भी आए दिन आपराधिक घटनाएं सामने आती रही हैं। इन घटनाओं को रोकने और ऐसे बच्चों के जीवन को सुधारने की कवायद होगी। इसके तहत बाल मित्र थाना पुलिस लाइन में ही बनाया जाएगा। इसके तहत विभाग ने खाका तैयार कर लिया है, जिस पर जल्द कार्य भी शुरू किया जाएगा।
ऐसा होगा थाना, किताबें और खिलौने भी रहेंगे उपलब्ध
बाल मित्र थाने में एक इंस्पेक्टर, छह से सात उपनिरीक्षक, इनमें महिला उपनिरीक्षक भी शामिल होंगी। महिलाओं सहित पुरुष 10 से अधिक कांस्टेबल भी तैनात किए जाएंगे। पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में रहेंगे। आपराधिक प्रवृत्ति के बच्चों को उनको डराने के बजाए अपराध से दूर रखने को काउंसिलिंग की जाएगी। छोटे बच्चों के लिए खिलौने और पढ़ने के लिए किताबों का भी इंतजाम होगा। इसके साथ ही बाल कल्याण समिति का दफ्तर भी यहीं पर बनेगा।
14 बच्चे भेज चुके हैं नोएडा, हुई 49 घटनाएं
जिले में बच्चों से संबंधित डेढ़ वर्ष में 49 घटनाएं हुई हैं। इसके अलावा ऐसी भी वारदातें हुईं, जब बच्चों ने ही कानून को हाथ में लिया। इसके तहत 14 नाबालिगों को राजकीय संप्रेक्षण गृह नोएडा भी भेजा जा चुका है। महिला कल्याण सहारनपुर मंडल के उपनिदेशक पुष्पेंद्र ने बताया कि पॉक्सो एक्ट के मामले ज्यादा सामने आए हैं।
एक वर्ष में हुई प्रमुख वारदातें
- गंगोह क्षेत्र में मोबाइल फोन न देने पर किशोर ने भाई की हत्या कर दी थी।
- पुरानी मंडी में किशोर ने बच्ची के साथ दुराचार किया था।
- देवबंद में किशोरों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें चार बच्चे घायल हुए थे।
- खानआलमपुरा में नाबालिग लड़की के साथ नाबालिग किशोर ने दुराचार किया था।
- नदीम कॉलोनी में 14 वर्षीय बालक ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था।
बाल मित्र थाना खोले जाने के निर्देश शासन ने पिछले दिनों जारी किए थे। बाल मित्र थाना स्थापित करने के लिए खाका तैयार किया जा रहा है। जल्द बाल मित्र थाने की स्थापना होगी। -विपिन टाडा, एसएसपी