मिर्जापुर (सहारनपुर)। क्षेत्र में मंगलवार की दुपहर बाद चली धूल भरी आंधी के बाद हुई ओलावृष्टि एवं बारिश के बीच भारी नुकसान हुआ है। कई मकानों की टीन की छत उड़ गई और ग्रामीण खुले आसमान के नीचे आ गए। बिजली लाइनें गिरने से पचास से ज्यादा गांवों की बिजली भी गुल हो गई। दीवारों की ईंटें और मलबा गिरने से कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
दुपहर बाद करीब तीन बजे आई आंधी ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। पहले धूल भरी आंधी चली और उसके बाद ओलावृष्टि तथा मूसलाधार बारिश हुई। आंधी से क्षेत्र के गांवों फतेहपुर टांडा, फैजाबाद, आरिफपुर आदि में खेतों में खडे़ किसानों के काफी पेड़ टूट कर नीचे जमीन पर गिर पड़े। गांव फतेहपुर में जयपाल, सगीर, रणबीर, फुरकान, जाहिद, जावेद, रिजवान, जीशान, कादिर, सय्याद आदि कई ग्रामीणों के घरों के ऊपर पड़ी टीन शेड व छप्पर भी आंधी में उड़ गए। इसके चलते कई परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। बारिश से उनका सामान भीग कर खराब हो गया।
गांव फतेहपुर के ग्राम प्रधान पारस राणा, पूर्व प्रधान नौशाद चौधरी, टांडा के ग्राम प्रधान सचिंद्र राणा, फैजाबाद के प्रधान हाजी मो. इनायत, पूर्व प्रधान सलीम चौधरी आदि ने बताया कि आंधी इतनी तेज थी कि ग्रामीणों के टीन शेड व छप्पर उड़ कर बहुत दूर तक जा कर गिरे। इनकी जद में आने से ग्रामीणों के कार और बाइक आदि वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। आम की फसलों को भी आंधी से काफी नुकसान हुआ है। बाग ठेकेदारों की माने तो तीस फीसदी तक फसल नीचे आ गिरी है। कई जगहों पर ट्रांसफार्मर खंभों सहित नीचे आ गिरे और लाइनों के खंभे टूटने से गांवों की आपूर्ति बंद हो गई। बारिश आंधी रुकने के बाद ग्रामीण अंधड़ में उड़ा अपना सामान तलाशते नजर आए। पीड़ितों ने प्रशासन से उचित मुआवजा दिलवाने की मांग की है।
आंधी में उड़ कर जमीन पर पड़ा टीन शेड- फोटो : SAHARANPUR
आंधी में गिरी दीवार- फोटो : SAHARANPUR
आंधी में दीवार की ईटें गिरने से क्षतिग्रस्त हुई कार- फोटो : SAHARANPUR
आंधी में उड़ी मकान की टीन शैड- फोटो : SAHARANPUR