गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, श्रद्धा भाव से किया जलाभिषेक
सहारनपुर। श्रावण मास की शिवरात्रि श्रद्धाभाव से मनाई गई। शिवालयों और मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंज उठे। लोगों ने भोले बाबा का पंचामृत से स्नान कराकर जलाभिषेक किया। इसके साथ ही पूजा अर्चना कर भोग लगाकर आरती उतारी गई।
महानगर में श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर में सुबह चार बजे से श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक करना शुरू कर दिया। बजरंग दल और राष्ट्रीय हिंदू महासभा के पदाधिकारियों ने हरिद्वार से गंगाजल के टैंकर मंगाए थे, जिसमें से श्रद्धालुओं को गंगाजल वितरित किया किया। मंदिर कमेटी ने रंग-बिरंगी लाइट और फूलों से मंदिर को सजाया और कोरोना गाइड लाइन का पालन कराया। इस दौरान प्रधान जगमोहन गोयल, मंत्री आशुतोष अग्रवाल, मुकेश गोयल, आलोक अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, अरविंद गुप्ता, प्रमोद गोयल, अरुण गुप्ता, अनिल गुप्ता, हेमंत मित्तल, योगेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।
वहीं, चकराता मार्ग स्थित श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, कोर्ट रोड स्थित श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, रानी बाजार स्थित श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर, तहसील श्री शिव मंदिर, बेहट रोड स्थित श्री बालाजी धाम, अंबाला रोड स्थित श्री विश्रामपुरी काल भैरव मंदिर, आवास-विकास स्थित श्री हरि मंदिर, गिल कॉलोनी स्थित श्री नारायणपुरी मंदिर, ब्रह्मपुरी कॉलोनी स्थित श्री शिव बगलामुखी मंदिर में श्रद्धालुओं ने पंचामृत से भोले बाबा को स्नान कराकर जलाभिषेक किया और भोग लगाने के बाद आरती उतारी। पूरे दिन मंदिरों और शिवालयों में कार्यक्रम होते रहे।
शिव शक्ति का मिलन है शिवरात्रि: कालेंद्रानंद
राधा विहार स्थित श्री औघड़दानी नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में श्री रामकृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वावधान में मंत्रोचारण के साथ स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने सुबह चार बजे महा जलाभिषेक कराया। इसके साथ ही श्री नर्मदेश्वर महादेव का महारुद्राभिषेक कर भोग लगाने के बाद आरती उतारी। स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि शिवरात्रि शिव शक्ति का मिलन है। सच्चे मन से आराधना करने पर भोले बाबा अपने भक्तों के कष्ट हर लेते हैं। जीव में आत्मा रूप में मां पार्वती का वास है, जो जीव अपनी आत्मा का महा शृंगार कर कर्म बंधन से मुक्त हो जाते हैं, शिव उनका वरण कर उनको मोक्ष प्रदान करते हैं। यही शिव शक्ति मिलन शिवरात्रि का मूलसार है।
कांवड़ भी लेकर पहुंचे भक्त
शिवरात्रि पर कुछ भक्त उत्तराखंड और वेस्ट यूपी के क्षेत्रों में गंगनहर से जल व कांवड़ लेकर मंदिर पहुंचे, जिन्होंने शाम के समय जलाभिषेक किया। सुबह के समय सड़कों पर डाक कांवड़ लेकर भी श्रद्धालु अपने गंतव्य की ओर बढ़ते हुए नजर आए।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
शिवरात्रि पर शिवालयों और मंदिरों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। प्रमुख मंदिरों के आसपास पुलिस तैनात रही। वहीं, खुफिया विभाग भी अलर्ट रहा। एसएसपी डाक्टर एस चनप्पा, एसपी सिटी राजेश कुमार और एसपी देहात अतुल शर्मा ने शिवालयों और मंदिरों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
शिवरात्रि पर बागेश्वर महादेव मन्दिर में जलाभिषेक करते शिव भक्त- फोटो : SAHARANPUR