सहारनपुर। पुलिस ने खनन माफिया हाजी इकबाल उर्फ बाला की बेनामी संपत्तियों को जब्त करने की तैयारी कर ली है। पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल ने अपने नौकर नसीम के नाम 50 बेनामी संपत्ति की है। जिनकी कीमत 21 करोड़ रुपये से अधिक की है। एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि पुलिस ने बेहट क्षेत्र में इन बेनामी संपत्तियों को चिह्नित कर लिया है। जिनमें 600 बीघा जमीन भी शामिल है। जल्द ही गैंगस्टर एक्ट 14(1) के तहत जब्त किया जाएगा। एसएसपी ने बताया कि यह प्रदेश में अब तक की सबसे बड़ी जब्ती की कार्रवाई होगी।
खनन माफिया हाजी इकबाल ने अपने करीबी नौकर नसीम पुत्र अब्दुल गफ्फार उर्फ गफूर निवासी मिर्जापुर को अपनी करोड़ों की बेनामी संपत्ति का मालिक बना रखा है। वह तीन शुगर मिलों को मालिक है। हाजी इकबाल ने नसीम को लखीमपुर खीरी, गोरखपुर और सीतापुर की चीनी मिलों का डायरेक्टर भी बनाया है। इसके अलावा उसके पास गोल्डन एग्रीकल्चर के नाम से 600 बीघा जमीन जो मिर्जापुर क्षेत्र के ही शाहपुर गाड़ा, फतेहपुर टांडा व सफीपुर गांव में स्थित है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में नसीम को 21अप्रैल को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि एसआईटी की जांच के उपरांत हाजी इकबाल द्वारा अपने नौकर के नाम की 50 बेनामी संपत्ति का पता चला है। जिनकी कीमत 21 करोड़ रुपये से अधिक है। पुलिस ने सभी बेनामी संपत्ति को चिह्नित कर लिया है। जल्द इन संपत्तियों को जब्त किया जाएगा। नसीम के नाम जो शुगर मिल है, वो दूसरे जिलों में है। यहां की संपत्ति जब्त करने के बाद इन शुगर मिलों को भी जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।