सहारनपुर/सरसावा। शेखुल हिंद मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी को पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा प्रदान कर दी है। उनकी सुरक्षा में दो पुलिसकर्मी लगाए गए हैं, जो ड्यूटी के दौरान उनके साथ रहेंगे।
मेडिकल कॉलेज में पहले एमबीबीएस के छात्र गुटों के बीच झगड़ा हुआ था। उसके कुछ ही दिन बाद करीब 40 लोगों ने दफ्तर में जबरन घुसकर दुर्व्यवहार किया था। जिसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की थी। 48 घंटे बाद भी सुरक्षा नहीं मिलने पर उन्होंने लखनऊ निदेशालय में सचिव से बात कर उनको घटना से अवगत कराया था, साथ ही अपने दफ्तर में उनके साथ हुई दुर्व्यवहार की सीसीटीवी फुटेज भी भेजी थी। उन्होंने सुरक्षा नहीं मिलने पर लंबी छुट्टी पर चले जाने की बात कही थी। जिसे अमर उजाला ने मंगलवार सात दिसंबर के संस्करण में प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया। नतीजा यह हुआ है कि मंगलवार की सुबह ही सरसावा थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह का फोन प्राचार्य के पास गया। थाना प्रभारी ने दो पुलिसकर्मियों को प्राचार्य की सुरक्षा में लगाया है, जो ड्यूटी के दौरान प्राचार्य के साथ रहेंगे।
-----
कॉलेज परिसर में बिगड़ते माहौल को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर सुरक्षा मांगी गई थी। मंगलवार को दो पुलिसकर्मियों को सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा भेजा गया है।
डॉ. अरविंद त्रिवेदी, प्राचार्य, शेखुल हिन्द मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज, पिलखनी।