सहारनपुर, गंगोह। मां शाकंभरी यूनिवर्सिटी से संबद्ध क्षेत्र के एकमात्र राजकीय डिग्री कॉलेज में दाखिले के लिए आनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बीए, बीएससी में सीमित सीटें होने के चलते अधिकांश विद्यार्थी रजिस्ट्रेशन कराने में जुट गए है, ताकि दाखिला लेने में कोई परेशानी ना हो। हालांकि क्षेत्र के आठ महाविद्यालयों में स्नातक के पाठ्यक्रम हैं परंतु राजकीय महाविद्यालय में फीस सबसे कम होने के चलते इसमें प्रवेश लेना विद्यार्थियों की पहली पसंद है।
लाला किशनचंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वर्तिका ढिल्लन ने बताया कि महाविद्यालय में बीए में 187, बीकॉम में 80, बीएससी बायो में 40 एवं बीससी मैथ में 40 सीटें है। इसके अलावा एमए के चारों विषयों में 60-60 और एमकॉम में भी 60 सीटें उपलब्ध हैं। क्षेत्र में स्नातक के लिए एकमात्र राजकीय कालेज होने के चलते अधिकांश विद्यार्थी उक्त कालेज में ही दाखिला लेना चाहते हैं। इसके चलते इसमें प्रवेश को लेकर मारामारी रहेगी।
पूरणमल रामलाल डिग्री कालेज के प्राचार्य डॉ. पवन बसंल ने बताया कि उनके कालेज में बीए में 160 सीटें, बीएससी मैथ में 80, बीएससी बायो में 80 सीटें एवं एमएससी में 60 सीटें उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक केवल राजकीय कालेजों में ही रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू की गई है, अन्य कालेजों के रजिस्ट्रेशन अभी शुरू नहीं किए हैं। इससे विद्यार्थियों में जहां असमंजस की स्थिति है वहीं उन्हें कॉलेज चयन के विकल्प को लेकर भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
----
पढ़ाई के साथ ही खेलकूद पर भी हो ध्यान
गांव हैदरपुर निवासी छात्र विनय का कहना है कि वह बीएससी से स्नातक करना चाहते हैं। वह ऐसे कालेज में दाखिला लेंगे जिसमें अच्छी पढाई के लिए बेहतर शिक्षक हो, अनुशासन हो और साथ ही खेलकूद पर भी ध्यान दिया जाए।
सभी कालेजों में हो एकसाथ रजिस्ट्रेशन
गांव ततारपुर कलां निवासी छात्रा अक्षी शर्मा का कहना है कि वह ऐसे विद्यालय में दाखिला लेना चाहेंगी जिसमें बच्चों को सपोर्ट करने वाले अच्छे शिक्षक हों। उसका कहना है कि अभी केवल राजकीय महाविद्यालय में ही रजिस्ट्रेशन हो पा रहा है, यदि सभी कालेजों में एक साथ रजिस्ट्रेशन होता तो विद्यार्थियों को अपने हिसाब से कालेज चुनने का विकल्प मिलता।
छात्र विनय- फोटो : SAHARANPUR
प्राचार्य डॉ पवन बंसल- फोटो : SAHARANPUR
प्राचार्या डॉ वर्तिका ढिल्लन- फोटो : SAHARANPUR
लाला किशनचंद राजकीय महाविद्यालय की इमारत- फोटो : SAHARANPUR