सराफा बाजार स्थित दुकान पर गहनों की खरीदारी करते ग्राहक।
- दाम कम होने से बाजार में पहुंच रहे खरीदार, हल्के गहनों की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। सोने और चांदी के दामों में उठापटक जारी है। हालांकि चांदी छह महीने में अपने उच्चतम स्तर 4.10 लाख रुपये प्रति किलोग्राम से घटकर चार जुलाई को 2.40 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गई। सोने के दामों में भी उतार-चढ़ाव जारी है। लगातार महंगा होने के चलते पिछले दिनों चर्चाओं में रहे सोने के नखरे अब कुछ कम होने लगे हैं। उधर, चांदी की अकड़ भी ढीली पड़ने लगी है।
सराफा कारोबारी विभु गोयल बताते हैं कि इस वर्ष 29 जनवरी को चांदी के दाम 4.10 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए। सोने के दाम भी 1.60 लाख रुपये प्रति दस ग्राम तक रहे, लेकिन पिछले कुछ महीनों से इसमें लगातार परिवर्तन आ रहा है। बृहस्पतिवार को चांदी को 2.23 लाख रुपये प्रति किलो और सोने के दाम 1.43 लाख रुपये प्रति दस ग्राम रहे। चांदी के दामों में ही पिछले सप्ताहभर में 15 हजार रुपये की गिरावट आई है। 17 जून को चांदी के दाम 2.46 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास थे। इस अवधि के दौरान सोना भी 1.49 लाख रुपये प्रति दस ग्राम रहे। रविवार को चांदी के दाम 2.25 लाख रुपये प्रति किलो तक रहे। सोना भी 1.44 लाख रुपये प्रति दस ग्राम के आसपास रहे। 19 जून से मांगलिक आयोजनों की भी शुरुआत हो गई है। दाम कम होने और अधिकमास खत्म होने के चलते बाजार में ग्राहकों की रौनक लौटती दिखाई दे रही है। हालांकि, अभी भी कई ग्राहक दाम और कम होने के इंतजार में हैं।
हल्के गहनों की मांग अधिक
बाजार में खरीदारी करने के लिए आ रहे आमजन अब हल्के वजन वाले गहनों की मांग कर रहे हैं। वहीं 22 और 18 कैरेट वाले सोने के आभूषण पसंद किए जा रहे हैं। बाजार में नौ कैरेट वाले भी आभूषण मौजूद हैं। शादी ब्याह घर वाले दाम कम होने से खरीदारी के लिए निकल रहे हैं। हालांकि निवेशक काफी सोच समझकर ही निवेश कर रहे हैं।