सहारनपुर। अनंत चतुर्दशी के साथ गणेश महोत्सव संपन्न हो गया। लोग गुलाल उड़ाते और डीजे व ढोल की थाप नाचते-गाते हुए श्रद्धाभाव से गणपति की मूर्ति का विसर्जन किया गया। गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
रविवार की सुबह से लोगों ने अपने घरों पर विराजमान श्री गणेश भगवान की मूर्ति की पूजा-अर्चना की। भोग लगाकर आरती उतारी गई और इसके पश्चात शोभायात्रा निकालकर लोग गंगोह मार्ग व अंबाला रोड स्थित पूर्वी यमुना नहर पर लोग पहुंचे, जहां पर विधि-विधान से मूर्ति का विसर्जन किया।
बेहट रोड स्थित सिद्धपीठ श्री बालाजी धाम से श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर भगवान गणपति को विदाई दी। धाम संस्थापक अतुल जोशी महाराज ने पूजन कराया और आरती उतारी गई। अतुल जोशी महाराज ने कहा कि भगवान गणेश विघ्न हरने वाले और भक्तों को रिद्धि सिद्धि प्रदान करने वाले देव हैं। इस दौरान आचार्य शांतनु जोशी, पंडित खेमराज मिश्र, मयंक मौजूद रहे। राधा विहार स्थित महाशक्ति पीठ वैष्णवी महाकाली मंदिर में देवी राधिका ने पूजा अर्चना कराई। भोग लगाने के बाद आरती उतारी गई और भंडारे का आयोजन किया गया। देवी राधिका ने कहा कि गणेश संपूूर्ण ब्रह्मांड को शुभ लाभ प्रदान करते हैं। स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने कहा कि गणेश ज्ञान के देव हैं, जो अपने भक्तों सुख-समृद्धि प्रदान करते हैं। इस दौरान आचार्य राम प्रसाद, अजीत शास्त्री, अरुण स्वामी, मेहर चंद जैन, नरेश चंदेल, मनीष गुप्ता, गीतमा, ममता, बाला, बबीता, ललतेश मौजूद रहे।
-------
गूंजते रहे जयकारे, कई जगहों से निकली शोभायात्रा
शहर में हकीकतनगर से दीपक अरोड़ा, आंचल, विशाल, साक्षी, देव, शिवाय ने शोभायात्रा निकाली। इसके अलावा तोता चौक से विनय, विशाल, प्रियांशी ने नहर पर पहुंचकर गणपति भगवान की मूर्ति का विसर्जन किया। इसी तरह कोर्ट रोड से अनूप वालिया, सुनयना वालिया, अमन वालिया, धीरज वालिया, डेजी वालिया, शीतल वालिया, डिंपी, शौर्य, डिंपी, वंदना, शर्मिल, जयश्री, शीतल, गोविंनगर से भी बड़ी संख्या में लोगों ने शोभायात्रा निकालकर मूर्ति का विसर्जन किया। इसके अलावा खलासी लाइन, नुमाइश कैंप, हकीकतनगर, राज विहार, पंत विहार, गिल कॉलोनी, शारदानगर सहित अनेक जगहों से शोभायात्रा निकालकर मूर्ति का विसर्जन किया।
------
सुरक्षा रही चाक चौबंद, रोकने पड़े वाहन
महानगर में बड़ी संख्या में लोग गंगोह मार्ग स्थित पूर्वी यमुना नहर पर विसर्जन करने पहुंचे। ऐसे में कुछ देर के लिए नहर की पुलिया पर जाम भी लगा। इंस्पेक्टर संजीव विश्नोई सहित पुलिस टीमों ने वाहनों का संचालन सुचारु कराया। इसके साथ ही एसपी सिटी राजेश कुमार भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा इंतजाम का जायजा लिया। नहर के आसपास और गंगोह व अंबाला रोड पर पुलिस तैनात रही। भीड़ की वजह से मानकमऊ में बेरीकेडिंग लगाकर वाहनों को भी रोकना पड़ा।