- अमर उजाला के संवाद कार्यक्रम में व्यापारियों ने रखे विचार
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। जिले में ही युवाओं को शिक्षा, रोजगार और आमजन को मेडिकल सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए। महानगर के पुराने बाजार को संजीवनी देने के लिए शहर में मल्टीलेवल पार्किंग की व्यवस्था हो। व्यापारी टैक्स देते हैं, ऐसे में सरकार को उनकी पेंशन की व्यवस्था करनी चाहिए। अंबाला रोड स्थित होटल में अमर उजाला द्वारा कराए गए संवाद कार्यक्रम में जिले के व्यापारियों ने बेबाकी से अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि महानगर में स्मार्ट सिटी के तहत कई करोड़ रुपये से कार्य कराए गए हैं लेकिन इसमें केवल गड्ढा खोदने, सड़क बनाने का कार्य हुआ है। योजना के तहत मॉल के निर्माण से व्यापारियों को भी नया बाजार मिलता। सड़क के चौड़ीकरण की जरूरत है न कि उसे छोटा करने की। सुरेंद्र मोहन चावला ने कहा कि जिले में मेडिकल की सुविधा तो है, लेकिन यदि किसी को कोई गंभीर बीमारी हो तो उसे हायर सेंटर रेफर करना पड़ता है। रायवाला, नेहरू मार्केट आदि पुराने बाजार में पार्किंग न होने से काम कम होता जा रहा है। पहले रूड़की, हरियाणा, पंजाब से लेकर हिमाचल तक के ग्राहक जिले में कपड़े खरीदने आते थे, लेकिन अब कारोबार कम होता जा रहा है।
महेंद्र सचदेवा ने कहा कि जरूरत नीतियों को ईमानदारी से धरातल पर उतारने की है। गुलशन अनेजा ने कहा कि निर्माण कार्यों की गति इतनी धीमी है कि दुकानदार से लेकर आमजन तक परेशान हो जाते हैं। सुधीर मिगलानी ने कहा कि विभागों में बात नहीं सुनी जाती। एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव गाबा ने कहा कि आवारा कुत्तों की बड़ी समस्या है। इसे दूर करने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। इसके साथ भरत गांधी, राघव, यश मैनी आदि ने भी बातें रखीं।
बोले व्यापारी
- सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा ने बताया कि कई स्थानों पर स्मार्ट सिटी के तहत कार्य हुए, लेकिन इसका लाभ पूरी तरह न तो व्यापारियों को मिला और न ही आमजन को।
- समाजसेवी महेंद्र तनेजा ने बताया कि शिक्षा के मामले में भी हम अभी भी वहीं खड़े हैं, जहां पहले थे। मेडिकल कॉलेज में टेस्ट भी बाहर से होते हैं। हर व्यक्ति को मेडिकल, शिक्षा की सुविधा मिलनी चाहिए। यह मूल अधिकार है।
- पंजाबी महासभा के अध्यक्ष व कारोबारी पाली कालड़ा ने कहा कि कोरोना के बाद से होटल उद्योग पर दोहरी मार पड़ी है। ऐसे में सरकार को टैक्स में राहत देनी चाहिए, जिससे व्यापारी दोहरी मार से बच सकें।
- आईआईए के पदाधिकारी अशोक छाबड़ा ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश की उन्नति में भागीदार है। जिले में औद्योगिक पार्क बनाया जाए। साथ ही जिले के लोगों को इसमें प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
- व्यापारी रमी धवन ने बताया कि सरकार ने सड़क और सुरक्षा में कार्य किया है, लेकिन कुछ चीजों में अभी भी सुधार की आवश्यकता है। उद्योगों की लाइसेंसिंग व अन्य प्रक्रियाएं पूरी तरह से डिजिटल हों।
- रायवाला कपड़ा व्यापार मंडल के पदाधिकारी संजय अरोड़ा ने कहा कि पुराने बाजार को बचाने के लिए मल्टीलेवल पार्किंग की सख्त आवश्यकता है। इसके लिए कार्य शुरू होना चाहिए। जाम से कारोबार प्रभावित होता है।
अमर उजाला संवाद कार्यक्रम की फोटो-व्यापारी नेता विवेक मनोचा
अमर उजाला संवाद कार्यक्रम की फोटो-व्यापारी नेता विवेक मनोचा
अमर उजाला संवाद कार्यक्रम की फोटो-व्यापारी नेता विवेक मनोचा
अमर उजाला संवाद कार्यक्रम की फोटो-व्यापारी नेता विवेक मनोचा