नागल। थाना पुलिस की ताबड़तोड़ दबिश से घबराए गैंगेस्टर में वांछित चल रहे पूर्व प्रधान ने थाने में पहुंच कर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। वह आत्मसमर्पण की तख्ती अपने हाथों में लिए थाने पहुंचा और पुलिस से जेल भेजने की गुहार लगाई।
गागलहेड़ी थाने के गांव नन्हेड़ा बुड्ढा खेड़ा निवासी अशरफ उर्फ नानू पुत्र महमूद हसन उर्फ मुदा पर थाना नागल में नौ मुकदमे विभिन्न अपराधों से संबंधित दर्ज हैं। पिछले तीन माह से वह गैंगेस्टर एक्ट में वांछित चल रहा था। इस पर पुलिस उसके ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी। आरोपी रविवार दोपहर करीब 12 बजे आत्मसमर्पण की तख्ती अपने हाथों में लिए थाने पहुंचा। जहां उसने थाना प्रभारी बीनू चौधरी से हाथ जोड़ कर प्रार्थना की कि साहब अब मैं भविष्य में आपराधिक घटनाओं में दूर रहूंगा और मुझे माफ कर दो। वह जेल जाने के लिए आया है, उसे जेल भेज दो। थानाध्यक्ष ने बताया इस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के सामने पेश कर दिया, जहां से उसे जेल भेजा। बता दें कि आरोपी अशरफ गांव का प्रधान भी रह चुका है।