बेहट/शाकंभरी (सहारनपुर)। वन कर्मचारियों पर बड़कला के पास स्थित फार्म हाउस से एक व्यक्ति को उठाकर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस विधायक नरेश सैनी और शायान मसूद के नेतृत्व में ग्रामीण थाने पहुंचे। जहां उन्होंने जमकर हंगामा करते हुए वनकर्मियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। घंटों चले हंगामे के बाद पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति को रिहा कर दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
थाना मिर्जापुर के गांव खुवासपुर निवासी झब्बल पुत्र बरखू शाकंभरी रेंज की बड़कला चेकपोस्ट के पास एक फार्म हाउस पर नौकरी करता है। झब्बल के भाई हसनदीन ने बताया कि देर रात शाकंभरी वन रेंज के चार पांच वन कर्मी फार्म हाउस पर पहुंचे। आरोप है कि वनकर्मियों ने झब्बल के साथ मारपीट की। इसके बाद उसे थाना मिर्जापुर में लाकर बैठा दिया। झब्बल के परिजनों व ग्रामीणों ने घटना की जानकारी कांग्रेस विधायक नरेश सैनी और कांग्रेस नेता शायान मसूद को दी।
शनिवार की सुबह विधायक नरेश सैनी व शायान मसूद अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ थाना मिर्जापुर पहुंचे और वन विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर देकर झब्बल को निर्दोष बताते हुए रिहा करने की बात कही। इस दौरान विधायक नरेश सैनी की कोतवाली प्रभारी से नोकझोंक भी हुई। घंटों चले हंगामे के बाद बंद कमरे में कोतवाली प्रभारी, वन क्षेत्राधिकारी, विधायक नरेश सैनी एवं शायान मसूद की बात हुई।
बाद में नरेश सैनी व शायान मसूद ने बताया कि वन विभाग के कर्मचारियों ने गलती से युवक को उठा लिया था, जिसे लिखित में वन विभाग कर्मचारियों द्वारा मान लिया गया है। इसके बाद विधायक और ग्रामीण लौट गए। इस दौरान डॉ. रागिब अंजुम, जिला पंचायत सदस्य ताहिर पहलवान, पूर्व प्रधान रियाजुल चौधरी एवं मो. इनाम, अकरम प्रधान, सोहबान चौधरी, रिजवान, जावेद, नसीम मूंछ, ताहिर पहलवान आदि रहे।
शिवालिक की पहाड़ियों में फायरिंग की आवाज सुनकर वनकर्मी फार्म हाउस की तरफ गए थे। गलतफहमी में शिकारी समझकर एक व्यक्ति को अपने साथ ले आए थे। मामला निपट गया है।
- आरआर किमोठी, रेंजर शाकंभरी
थाने पर हंगामा करते ग्रामीण- फोटो : SAHARANPUR
थाने पर विरोध दर्ज कराते विधायक नरेश सैनी- फोटो : SAHARANPUR