पुलिस द्वारा पकड़े गए चोर और बरामद चीनी
- फोटो : SAHARANPUR
चोरी की चीनी से भरी गाड़ी सहित पांच चोर पकड़े
नागल (सहारनपुर)। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की गई 75 बोरी चीनी के साथ पांच लोगों को पकड़ा है। इनके कब्जे से एक बोलेरो पिकअप वाहन, एक बाइक और तमंचा, कारतूस भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को रिपोर्ट दर्ज कर संबंधित धाराओं में कोर्ट के सामने पेश किया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष बीनू सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब दो बजे सिडकी चौकी इंचार्ज इंद्रजीत सिंह खेड़ा मुगल रोड पर नंदनपुर चौराहे के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। उन्हें एक बोलेरो पिकअप गाड़ी झबरेड़ा की ओर से आती दिखाई दी, जिसे रोकने का इशारा किया। उसमें बैठे युवकों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने पूछताछ में अपना नाम तनवीर उर्फ मोनू पुत्र इकराम, अरशद पुत्र मजार हसन निवासी गण झबीरण थाना सरसावा, इमरान पुत्र इलियास ग्राम नसीरपुरा थाना सरसावा, सावेज पुत्र खालिद ग्राम शहापुरा थाना चिलकाना और चालक आसिफ पुत्र रियासत मोहल्ला मोहम्मद गोरी कस्बा व थाना गंगोह बताया। पुलिस हिरासत में अरशद ने बताया कि गाड़ी में 75 बोरे चीनी के हैं, जो उन्होंने लक्ष्मी धनश्री एग्रो प्राइवेट लिमिटेड इकबालपुर शुगर मिल से गार्ड की मिलीभगत से चोरी किए हैं। इससे पूर्व भी वह करीब 500 बोरे चीनी के चोरी कर चुके हैं, जिन्हें वह गंगोह, फतेहपुर एवं मुजफ्फरनगर के खुले बाजार में सस्ते रेट पर बेच चुके हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से चीनी, पिकअप गाड़ी, एक बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।