कुलपति को सम्मानित करते शिक्षक
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। मां शाकंभरी विश्वविद्यालय सहारनपुर के कुलपति प्रोफेसर एचएस सिंह ने कहा कि सहारनपुर मंडल के महाविद्यालयों में आगामी सेमेस्टर परीक्षाएं मां शाकंभरी विश्वविद्यालय कराएगा। वह जनता रोड स्थित सहारनपुर इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस स्टडीज में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
कुलपति ने कहा कि नए सत्र के प्रवेश मां शाकंभरी विश्वविद्यालय के द्वारा ही कराए जाएंगे, जिसकी तैयारी चल रही है। स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के बारे में उन्होंने कहा कि जो भी समस्याएं हैं उनको दूर किया जाएगा। जो स्ववित्तपोषित महाविद्यालय पांच वर्ष पूरे कर चुके हैं, उनको एनएएसी (नेशनल एसेसमेंट एंड एक्रेडिटेशन काउंसिल) यानी राष्ट्रीय मूल्यांकन और प्रत्यायन परिषद की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इससे पहले सहारनपुर इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस स्टडीज के डॉ. साहिल सहगल के द्वारा कुलपति प्रोफेसर एचएस सिंह और कुलसचिव वीरेंद्र कुमार मौर्य को स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जनपद के 50 से अधिक महाविद्यालयों के प्राचार्य और प्रबंधकों ने प्रतिभाग करते हुए कुलपति और कुलसचिव के समक्ष अपनी बात रखी। कार्यक्रम में विभोर मित्तल, गुंजन, सन्नी, आशीष, आस्था, दिव्या, डॉ. कंचन आदि मौजूद रही।