पहले बिजली का बिल लाएं, फिर राशन पाएं
सहारनपुर। पहले बिजली का बिल लेकर आएं, उसके बाद राशन ले जाएं। इन दिनों राशन डीलर कार्डधारक उपभोक्ताओं से यही बात कह रहे हैं। कुछ उपभोक्ताओं ने इस मामले में खाद्य आपूर्ति विभाग के अफसरों को शिकायतें की हैं। उनका कहना है कि बिजली बिल जैसी औपचारिकताओं के नाम पर उन्हें परेशान किया जा रहा है।
दरअसल, राशन कार्ड धारकों को पहले रसोई गैस कनेक्शन का ब्योरा देना पड़ा था। अब अधिकतर राशन डीलर बिजली की बिल मांग कर रहे हैं। सवाल करने पर उन्हें सूचना दी जा रही है कि विभागीय अफसरों के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है। डीलर अपनी ओर से ऐसी कोई प्रक्रिया शुरू नहीं कर रहे हैं।
जिले में 998 ग्रामीण और 251 शहरी क्षेत्रों में सरकारी राशन की दुकानें हैं। इके पास कार्डधारकों की संख्या पांच लाख से ऊपर है। इन्हीं कार्डधारकों में रसोई गैस कनेक्शन रखने वालों को चिह्नित करने के लिए पूर्व में ऐसे उपभोक्ताओं का डाटा मांगा गया था। इसके बाद अब बिजली कनेक्शन वालों के सत्यापन के लिए बिल मांगे जा रहे हैं।
-------------------------------------------
ऑनलाइन प्रक्रिया के लिए पड़ी जरूरत
- इस मामले में जिलापूर्ति अधिकारी सतीश कुमार मिश्रा का कहना है कि अब केरोसिन वितरण काफी सीमित हो चुका है। इससे रहित और अन्य श्रेणी के कार्डधारकों का डाटा आनलाइन फीड करवाया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत बिजली के बिल से सत्यापन की जरूरत पड़ रही थी। यदि किसी कार्डधारक को इस प्रोसेस को पूरा करने में कोई दिक्कत आ रही है तो फिलहाल उसे राहत दी जा रही है। उसकी इच्छा है कि वह बिजली का बिल दिखाना चाहता है या नहीं। वैसे बिजली का बिल दिखाने पर भी कार्डधारकों को कोई परेशानी नहीं होने वाली है।