गागलहेड़ी। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से गांवों को जोड़ने वाला मार्ग बंद किए जाने के विरोध में किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने हसनपुर अंडरपास पर धरना दिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम सदर और एनएचएआई अधिकारियों ने किसानों की समस्या का समाधान कराने तथा जल्द सर्विस रोड बनवाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि भलस्वा, हसनपुर, कपासा और कपासी गांवों के किसानों के खेतों तक पहुंचने वाला मार्ग एनएचएआई द्वारा बंद कर दिया गया है। इससे किसानों के सामने अपने खेतों तक पहुंचने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। किसानों का आरोप था कि खेतों में आने-जाने के अधिकांश रास्ते बंद किए जाने से कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने एक्सप्रेसवे के किनारे सर्विस रोड का निर्माण कराने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया।
धरने की सूचना मिलने पर एसडीएम सदर सुबोध कुमार और एनएचएआई के प्रबंधक सौरभ पांडेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनी। एसडीएम ने एनएचएआई अधिकारियों को किसानों की सुविधा के लिए शीघ्र सर्विस रोड निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। इसके बाद किसानों ने अधिकारियों को मांगपत्र सौंपकर धरना समाप्त कर दिया। धरना सुबह 10 बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक चला।
धरने में युवा प्रदेश उपाध्यक्ष मुदित राणा, तहसील अध्यक्ष सोविंद्र राणा, जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र राणा, मीडिया प्रभारी अंकित चौहान, शहनवाज, तनवीर मलिक, साहब अली, तनवीर आदि मौजूद रहे।