बिडवी चीनी मिल पर प्रदर्शन करते किसान
- फोटो : SAHARANPUR
अंबेहटा (सहारनपुर)। किसान हित एवं गो सेवा समिति से जुड़े किसानों ने बिडवी शुगर मिल को चलाने की मांग को लेकर शुगर मिल गेट पर प्रदर्शन किया।
इस दौरान समिति अध्यक्ष चौ. बिट्टू नंबरदार ने कहा कि किसान पिछले काफी समय से बंद पड़ी बिडवी शुगर मिल को चलवाने के लिए संघर्षरत हैं। लेकिन वर्तमान सरकार किसानों की कोई सुनवाई नहीं कर रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में किसानों द्वारा 15 दिन तक भूख हड़ताल की थी। उस समय मुख्यमंत्री ने अपने अंबेहटा आगमन पर किसानों को उसी सत्र में मिल चलवाने का आश्वासन देकर भूख हड़ताल को खत्म कराया था। उन्होंने कहा कि उसके बाद भी मिल चलाने के लिए सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। जबकि मिल से 45 हजार किसान जुड़े हैं। सचिव अनूप सिंह ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक के सरकार में मंत्री होने के बावजूद भी मिल नहीं चल पा रही है।
प्रदर्शनकारियों में अमर सिंह प्रधान, सुधीर, नीटू, यशपाल सिंह, रविदत्त, अंकुश चौधरी, विरेंद्र राठौर, संदीप, प्रमोद, प्रताप सिंह, यूसुफ कुम्हारहेड़ा, दिनेश, सतीश प्रधान, विकास राठौर आदि शामिल रहे।