सहारनपुर। मतगणना के बाद श्री गुरु सिंह सभा कमेटी से जुड़ी तीन शिक्षण संस्थाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों की घोषणा हुई। 28 पदाधिकारी व सदस्य निर्विरोध चुने गए, जबकि तीन पदों पर मतगणना के बाद विजेताओं को घोषित किया गया, जबकि गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा कमेटी के सदस्यों की मतगणना भी पूरी हो गई, जिनके परिणाम देर रात जारी किए गए।
गांधी पार्क स्थित श्री गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज में तहसीलदार व चुनाव अधिकारी तपन मिश्रा ने पुलिस-फोर्स की मौजूदगी में शिक्षण संस्थाओं के तीन पदों की मतगणना संपन्न कराई। तहसीलदार तपन मिश्रा ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल के प्रबंधक पद पर गुरमीत सिंह शंटी 462 और कोषाध्यक्ष पद पर कुलवंत सिंह भाटिया 390 वोट लेकर विजयी घोषित हुए, जबकि सहायक प्रबंधक पद पर एमपी सिंह चावला, सदस्य सुरप्रीत सिंह, हरमीत सिंह पाहुजा, गुरप्रीत सिंह बत्रा, बलबीर सिंह, बेअंत सिंह, मनदीप सिंह दुआ, रजिंद्रपाल सिंह निर्विरोध चुने गए।
इसी तरह गुरु नानक इंटर कॉलेज गर्ल्स के प्रबंधक पद पर 502 वोट लेकर गुरमीत सिंह हन्नी जीते हैं, जबकि सहायक प्रबंधक पद पर मनप्रीत सिंह, कोषाध्यक्ष पद पर नरेंद्र पाल सिंह, सदस्य अमरीक सिंह बत्रा, अमरजीत सिंह, सतविंद्र सिंह, सुंदरदीप सिंह, चरणजीत सिंह, नरेंद्र पाल सिंह, मदनपाल सिंह को निर्विरोध चुना गया है। वहीं, गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा कमेटी के 30 सदस्यों की मतगणना संपन्न हो गई, लेकिन देर रात प्रशासन की ओर से घोषणा की गई। इस चुनाव में दो गुट आमने-सामने थे, जिनमें से एक गुट के उम्मीदवार बड़ी संख्या में जीते हैं।
गुरुनानक ब्वायज के पदों पर निर्विरोध हुआ चुनाव
रविवार को गुरुनानक इंटर कॉलेज ब्वायज में प्रबंधक पद पर दीदार सिंह सेठी, सहायक प्रबंधक पद पर अमनप्रीत सिंह, कोषाध्यक्ष पद पर प्रीतपाल सिंह, सदस्य हरविंद्र सिंह, हरजीत सिंह नरूला, जसविंद्र सिंह, जैपाल सिंह, पुष्पिंद्र पाल सिंह, रमनप्रीत सिंह बत्रा को निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।