सहारनपुर। जिले भर में ईद-उल-फितर का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बड़ी संख्या में लोग ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा करने पहुंचे। ईदगाह में नमाज के बाद देश की खुशहाली और अमन-शांति की दुआ की गई। बीते दो साल कोरोना की बंदिशों की वजह से ईदगाह में नमाज नहीं हो पाई थी। इस बार मुस्लिम समाज के लोगों में भारी उत्साह दिखा।
अंबाला रोड स्थित ईदगाह पर सुबह आठ बजे शहरकाजी नदीम अख्तर ने नमाज अदा कराई। इसके पश्चात नागरिकों और देश की खुशहाली तथा अमन शांति की दुआ की गई। तकरीर में शहर काजी नदीम अख्तर ने कहा कि हमें एक-दूसरे को दर्द को समझना चाहिए। अल्लाह से सबके के लिए दुआ करनी चाहिए। ऐसा कोई काम न करें, जिससे किसी की भावनाएं आहत हों। चौक फव्वारा स्थित जामा मस्जिद में इमाम मुफ्ती अरशद गोरा ने नमाज अदा कराई। इसके अलावा पुरानी जामा मस्जिद चूड़ी बाजार, मस्जिद ख्वाजा वाली चौकी सराय, मस्जिद हलवाईयान नखासा बाजार, मस्जिद शेखों वाली, मस्जिद दर्जियान लक्खी गेट प्रथम, मस्जिद बड़ी सराय, मस्जिद मंगलो वाली देहरादून चौक, मस्जिद शाहजानी खानआलमपुरा, मस्जिद किले वाली, मस्जिद लिंक रोड, मस्जिद कमंगारान नखासा बाजार, मस्जिद चौकी सराय, मस्जिद घंटाघर, मस्जिद अंसारियान, मस्जिद मालियान, मस्जिद शाहबिलोल, मस्जिद जालवाली शाह विलायत, मस्जिद शिराजा, मस्जिद खिरनी वाली किशनपुरा में अलग-अलग समय में सुबह छह से नौ बजे तक ईद की नमाज अदा हुई। इस दौरान जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, एसएसपी आकाश तोमर, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, एसपी सिटी राजेश कुमार, एडीएम (ई) डॉ. अर्चना द्विवेदी ने सभी को ईद की बधाई दी। वहीं, पूरे दिन लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर शीर खाई और बधाई दी। पूरे दिन शहर की सड़कों पर चहल-पहल रही।
गले मिलकर दी मुबारकबाद, तिरंगे लहराए
ईदगाह में नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इसके साथ ही अधिकारियों से मिलकर उन्हें भी ईद की बधाई दी। बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने तिरंगे भी लहराए।
सजधज कर पहुंचे बच्चे, फोटो सोशल मीडिया पर किए अपलोड
ईदगाह पर छोटे-छोटे बच्चे भी अपने परिजनों के साथ सजधज कर नमाज अदा करने पहुंचे। युवाओं और बच्चों ने खूब फोटो खिंचवाए। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर अपलोड कर ईद की मुबारकबाद भी दी।
सुरक्षा रही चाक चौबंद, ड्रोन से भी रखी नजर, रूट रहा डायवर्ट
नमाज के दौरान ईदगाह पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। पुलिस के साथ आरएएफ के जवान भी तैनात रहे। इसके साथ ही ड्रोन कैमरे से भी नजर रखी गई। वहीं, एसएसपी आकाश तोमर और एसपी सिटी राजेश कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही पुलिस ने ईद के मद्देनजर रूट भी डायवर्ट किया हुआ था, जिसका सख्ती से पालन कराया गया।
सहारनपुर में ईद की नमाज ईदगाह में अदा करते मुस्लिम समाज के लोग- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर में ईद की नमाज ईदगाह में अदा कर एक दुसरे को ईद की मुबारक करते बच्चे- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर में ईद की नमाज के दौरान ईदगाह पर डीएम एसएसपी का स्वागत करते समाज सेवी- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर में ईद की नमाज ईदगाह में अदा करते मुस्लिम समाज के लोग और ईद की मुबारक करते बच्चे- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर में ईद की नमाज ईदगाह में अदा करते मुस्लिम समाज के लोग- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर में ईद की नमाज ईदगाह में अदा करते मुस्लिम समाज के लोग- फोटो : SAHARANPUR