सहारनपुर। अंबाला मंडल के डीआरएम विनोद भाटिया ने सहारनपुर स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर जारी निर्माण कार्यों और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। माल गोदाम मार्ग को खोलने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार की सुबह सवा 11 बजे डीआरएम अपने विशेष निरीक्षण यान से स्टेशन पहुंचे। इसके बाद उन्होंने स्टेशन का निरीक्षण किया। प्लेटफॉर्म नंबर-4, टिकट विंडो व माल बुकिंग तथा प्लेटफॉर्म-5 व 6 में सुविधाओं को परखा। यात्रियों को बेहतर सुविधाओं और समय पर ट्रेन संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक रहेगी। उन्होंने आरपीएफ के साथ रेलवे कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने की हिदायद दी। उन्होंने स्टेशन परिसर को साफ और स्वच्छ बनाए रखने की अपील आमजन से की।
स्टेशन के वीआईपी कक्ष में उन्होंने स्थानीय व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों से मुलाकात की। व्यापारियों ने कोरोना काल में बंद यात्री ट्रेनों के संचालन की मांग की। व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल में रोहित घई, संजीव गक्खड, सुनील राणा आदि मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ डीसीएम यशनजीत सिंह, वरिष्ठ स्टेशन मैनेजर संजय कुमर, सहायक मैनेजर हरीश गुजराल सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।