शासन की कोविड-19 गाइड लाइन का मेले में पालन कराए
शाकंभरी। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सिद्धपीठ शाकंभरी देवी पहुंच 17 अक्तूबर को लगने वाले शारदीय नवरात्र मेले के लिए जिला पंचायत एवं राणा परिवार के साथ मंदिर परिसर में बैठक की। उन्होंने कहा शासन की कोविड-19 गाइड लाइन का मेले में हर सूरत में पालन कराया जाए।
मंगलवार को तहसील दिवस के बाद डीएम अखिलेश सिंह एवं एसएसपी डॉ. एस चनप्पा सिद्ध पीठ शाकंभरी देवी पहुंचे। वहां आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कोविड-19 की शासन की गाइड लाइन का हर हाल में पालन किया जाए। मेले में भीड़ एकत्र न होने दें। झूला एवं अन्य कोई ऐसा कोई मनोरंजन आदि का आयोजन न किया जाए, जिस से भीड़ एक स्थान पर जुटे। सोशल डिस्टनसिंग का ध्यान रखा जाए। विगत वर्ष में आई बाढ़ को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा का पानी से बचाव के लिए पूरा ख्याल रखा जाए। मंदिर व्यवस्थापक राणा परिवार की तरफ से राणा आदित्य प्रताप सिंह, कुंवर आतुल्य प्रताप सिंह, राणा सानिध्य प्रताप राणा एवं जिला पंचायत अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि हर हाल में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा।
बुधवार को जिलाधिकारी द्वारा जनपद मुख्यालय पर जिला पंचायत के अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद मेले की आगामी रुपरेखा तैयार की जाएगी। बैठक में मुख्य रूप से जिला पंचायत की अपर मुख्य अधिकारी डॉ सुमनलता, एसडीएम बेहट दीप्ति अनंत देव, सीओ विजयपाल सिंह, कोतवाली प्रभारी बेहट अनंतदेव मिश्रा एवं मिर्जापुर प्रभारी अमरपाल आदि मौजूद रहे।