सहारनपुर। जनपद के गन्ना किसानों के लिए बृहस्पतिवार का दिन शुभ साबित हुआ। जिले की चीनी मिलों ने 100.34 करोड़ रुपये बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान किया है। लेकिन अभी भी जनपद की शुगर मिलें किसानों का 630 करोड़ रुपये दबाए बैठी हैं।
मिलों द्वारा एक दिन में भुगतान किए जाने की यह अब तक की सबसे बड़ी रकम है। हाल ही में चीनी मिलों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर अपर मुख्य सचिव संजय आर भूसरेडडी और मंडलायुक्त एवी राजमौलि से लेकर जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बकाया गन्ना मूल्य का जल्द भुगतान कराने का दबाव बनाया हैं। इसके चलते एक दिन में इतनी बड़ी धनराशि का भुगतान चीनी मिलों ने किया है। जिला गन्ना अधिकारी कृष्ण मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि बृहस्पतिवार को जिले की चीनी मिलों ने 100.34 करोड रुपये का भुगतान किया है। इसमें देवबंद ने 19 करोड़, गांगनौली ने 6.23 करोड़, नानौता ने 50.09 करोड़ और सरसावा चीनी मिल ने 25.01 करोड़ रुपये का भुगतान शामिल हैं। यह भुगतान होने के बावजूद जिले की शुगर मिलों पर अभी भी 630 करोड़ रुपये गन्ना मूल्य के बकाया हैं।