बड़गांव के धूमगढ़ स्थित नाग देवता मन्दिर
- फोटो : SAHARANPUR
बड़गांव (सहारनपुर)। धूमगढ़ के जंगल में स्थित नाग देवता के मंदिर से लोगों की आस्था जुड़ी है। मान्यता है कि यहां हर मुराद पूरी होती है। खास बात यह है कि इंसानों के साथ ही पशुओं में लगने वाली बीमारियों को दूर भगाने के लिए भी श्रद्धालु मन्नत मांगते हैं और वह पूरी होती हैं।
कि वदंती है कि सैकड़ों वर्ष पूर्व शिमलाना गांव निवासी एक वैश्य परिवार के बुजुर्ग को स्वप्न में नाग देवता ने दर्शन देकर स्वयं बताया था कि शिमलाना के मजरे धूमगढ़ के जंगल के बीच घनी झांड़ियों के बीच एक थान बना है, तुम वहां जाकर साफ सफाई करने के बाद रोजाना उस थान पर दीपक जलाओ तो तुम्हारी हर मनोकामना पूर्ण होगी। उन्होंने उस स्थान पर देशी घी दीपक जलाकर दूध से बने खाद्य पदार्थ का चढ़ावा चढ़ाया था। तब से आज तक इस मंदिर में दूध व उससे बनी सामग्री का प्रसाद चढ़ावे के रूप में चढ़ाई जाती है। लोगों की मान्यता है कि मंदिर में मांगी गई इंसान की हर मुराद पूरी होती है। यहां का मुख्य प्रसाद दूध, मावा, खीर इत्यादि चढ़ाए जाते हैं। हर रविवार को श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं। मंदिर में दर्शन को दूसरे राज्य हरियाणा, उत्तराखंड, दिल्ली ही नहीं यहां अप्रवासी भारतीय श्रद्धालु भारी संख्या में यहां हर साल पहुंचते रहते हैं। मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि भूखे जरुरतमंदों को मंदिर कमेटी की ओर से निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाता है।
बीमारियों को भी ठीक करते है बाबा नागदेवता
मंदिर के पुजारी पंडित धर्मपाल शर्मा ने बताया कि नाग देवता मनुष्यों के साथ-साथ पशुओं में फैली बीमारियों को ठीक करते हैं। ज्यादात्तर श्रद्धालु अपने पशुओं की बीमारी ठीक होने के बाद यहां पर उनका दूध या उससे बनी सामग्री जैसे खीर पेड़ा आदि लेकर पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान हर रविवार को यहां श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ावे का दूध 20 से 30 क्विंटल तक हो जाता है। जिसे मंदिर समिति बिक्री करने के बाद मंदिर परिसर में ही खर्च कर देती है।
हर साल लगता है मेला
धूमगढ़ स्थित बाबा नाग के मंदिर में हर वर्ष अगस्त माह में रक्षा बंधन के त्यौहार के बाद आने वाले प्रत्येक रविवार के दिन यहां मेला लगता है। जो पूरे एक माह तक चलता है। प्रत्येक रविवार को भारी संख्या में श्रद्धालु दूर दराज से पहुंचकर नाग देवता के थान पर दूध से बनी खाद्य सामग्री का प्रसाद चढ़ाकर मनोवांछित फल की कामना करते हैं।
बड़गांव के धूमगढ़ स्थित नाग देवता मन्दिर- फोटो : SAHARANPUR