सहारनपुर। सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं अप्रैल में होंगी। यूपी बोर्ड परीक्षाओं की घोषणा कभी भी हो सकती है। ऐसे में माध्यमिक शिक्षा विभाग, विद्यालय और विद्यार्थी तैयारी में जुटे हैं। जनपद के माध्यमिक विद्यालयों में दसवीं और 12वीं का कोर्स निपटा लिया गया है। इन दिनों शिक्षक रिवीजन करा रहे हैं।
कोरोना संक्रमण के चलते बीते वर्ष परीक्षाएं नहीं हो सकी थीं। पूर्व के अंकों के आधार पर छात्रों को कक्षोन्नत किया गया था। इस बार भी कोरोना ने जैसे ही जनवरी माह में रफ्तार पकड़ी तो लगने लगा था कि इस बार भी परीक्षाएं नहीं होंगी, लेकिन कोरोना के तेजी से कम होने के बाद सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षाओं की तिथि जारी कर दी है। प्रदेश सरकार भी यूपी बोर्ड परीक्षाएं ऑफलाइन ही कराने की बात कह चुकी है। ऐसे में विभाग, विद्यालय और विद्यार्थी कोई कसर छोड़ना नहीं चाहते हैं। हाल ही में विभाग ने सभी 325 विद्यालयों से कोर्स की प्रगति के बारे में जानकारी मांगी थी। अच्छी बात यह है कि सभी विद्यालयों ने दसवीं और 12वीं का कोर्स पूरा होने की सूचना भेजी है, साथ ही विद्यालयों ने यह भी बताया है कि वह कक्षाओं में रिवीजन भी करा रहे हैं। भूगोल के प्रवक्ता ब्रिजेश पुंडीर ने बताया कि चूंकि कक्षा नौ और उससे ऊपर की कक्षाएं ऑफलाइन चल रही हैं। ऐसे में कक्षाओं में बेहतर तरीके से रिवीजन करा पा रहे हैं। इसके अलावा कुछ छात्र ऑनलाइन भी पढ़ाई से संबंधित अपनी शंकाओं और आशंकाओं का निवारण करा रहे हैं।
101 केंद्रों पर 74 हजार विद्यार्थी देंगे परीक्षा
जनपद में यूपी बोर्ड परीक्षाओं के लिए 101 केंद्र फाइनल किए जा चुके हैं। इन केंद्रों पर दसवीं और 12वीं के व्यक्तिगत एवं संस्थागत करीब 74 हजार परीक्षार्थी हिस्सा लेंगे। केंद्रों पर सीसीटीवी, वायस रिकॉर्डर, शौचालय, गेट, चहारदीवारी, पेयजल आदि व्यवस्थाएं पहले ही दुरुस्त कराई जा चुकी हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विभाग के साथ ही विद्यालयों और विद्यार्थियों के स्तर से तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। विद्यालयों में दसवीं और 12वीं का रिवीजन कराया जा रहा है। शिक्षकों और छात्रों से अपील है कि वह परीक्षा होने तक मिल रहे समय का सदुपयोग करें, जिससे कि और बेहतर परिणाम आए।
रवि दत्त, जिला विद्यालय निरीक्षक।