सहारनपुर। राष्ट्रीय संपत्तियों के निजीकरण के विरोध में ऑल इंडिया बीएलएनएल डॉट पेंशनर्स एसोसिएशन से जुडे़ कर्मचारियों ने मंगलवार को धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय मुद्रीकरण पाइपलाइन के निजीकरण की योजना है।
मिशन कंपाउंड स्थित टेलीफोन एक्सचेंज परिसर में आयोजित धरना प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष केहर सिंह वर्मा ने आरोप लगाया कि मूल्यवान राष्ट्रीय संपत्तियों को व्यवसायिक घरानों को सस्ती दरों पर सौंपा जा रहा है। आरोप लगाया कि सरकार ने बीएसएनएल और एमटीएनएल के 14917 मोबाइल टावरों को निजी कंपनियों को सौंपने का निर्णय लिया है, साथ ही भारत नेट की 2.86 लाख किलोमीटर ऑप्टिक फाइबर को भी निजी कंपनियों को सौंपने की तैयारी है। इसके खिलाफ आंदोलन की योजना बनाने के लिए 11 नवंबर को दिल्ली में केंद्रीय ट्रेड यूनियनों का राष्ट्रीय सम्मेलन होगा। इस दौरान सचिव यशपाल सिंह, कल्याण सिंह, अंसार अली, ए हसन, अनुराग सैनी आदि रहे।